जीवन के अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया
गाजियाबाद में एसीपी कविनगर ने सेठ मुकुंदलाल इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र बताएं। उन्होंने जीवन के अनुभवों को साझा कर छात्रों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित किया। एसीपी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण पर जोर दिया।

गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। एसीपी कविनगर की जिम्मेदारी संभाल रहे आईपीएस अधिकारी सोमवार को सेठ मुकुंदलाल इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें सफलता के मंत्र बताए। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन के अनुभव, कार्यशैली, चुनौतियों और संघर्षों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत करने, अनुशासन में रहने, सकारात्मक सोच रखने और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। एसीपी अभय डागा ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसे प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है। परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व के विकास पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान शिक्षा, करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, लोक सेवा और भविष्य की योजनाओं से जुड़े कई सवाल सामने आए। छात्रों ने एसीपी से अपने करियर को लेकर जिज्ञासाएं साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के सरल और प्रेरणादायी ढंग से जवाब दिए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को निरंतर अध्ययन, बेहतर समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए किसी शॉर्टकट की तलाश करने के बजाय अपनी मेहनत और क्षमता पर भरोसा रखना चाहिए। नियमित प्रयास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है。
युवाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास, उनकी क्षमताओं के पूर्ण विकास और उन्हें उच्च शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता एवं लोक सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए उचित मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी कविनगर द्वारा विद्यार्थियों से संवाद किया गया। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के संवाद से विद्यार्थियों को अपनी आकांक्षाओं को सही दिशा देने में मदद मिलती है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और शासन व समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। एसीपी के साथ संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने भविष्य से जुड़े सवाल पूछे।


