ईओडब्ल्यू की जांच में बढ़ेंगे आठ नाम, भेजी गई सूची
बरेली में कैनविज प्रकरण में 62 मुकदमे आर्थिक अपराध शाखा को ट्रांसफर किए गए हैं। इसमें आठ अन्य नाम जोड़ने की तैयारी जारी है। एसआईटी ने इन नामों की सूची भेजी है और मुख्य आरोपियों को जेल भेजा गया है। इस मामले में एसआईटी ने कई मुकदमों में चार्जशीट भी दायर की है।

बरेली, मुख्य संवाददाता। कैनविज प्रकरण में 62 मुकदमों की विवेचना आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) को ट्रांसफर हो चुकी है। इन मुकदमों में आठ अन्य नाम बढ़ाने की तैयारी चल रही है। एसआईटी ने इन नामों की सूची भी ईओडब्ल्यू को भेज दी है, जैसे ही शासन से मंजूरी मिलेगी इन आरोपियों को भी नामजद कर लिया जाएगा। कैनविज ग्रुप द्वारा निवेशकों के करोड़ों रुपये हड़पकर फरार होने के मामले में कन्हैया गुलाटी समेत अन्य पदाधिकारियों पर जनपद के बारादरी प्रेमनगर, फरीदपुर, बिथरी, फतेहगंज पश्चिमी, इज्जतनगर, सुभाषनगर, किला, नवाबगंज, कोतवाली, कैंट और साइबर क्राइम थाने में 93 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान के नेतृत्व में इनकी जांच के लिए एसआईटी गठित की है। यह एसआईटी 12 मुकदमों में चार्जशीट लगा चुकी है और 19 की विवेचना जारी है। बाकी 62 मुकदमों की विवेचना ईओडब्ल्यू को ट्रांसफर कर दी गई है। अब इस मुकदमे में इज्जतनगर के गांव अब्दुल्लापुर माफी के हरेंद्र प्रकाश, भुता के गांव सिंघाई मुरावान के सोमपाल सिंह, कैंट के गांव परगवां के हेमंत पटेल, प्रवेश पटेल, सुभाषनगर की तिलक कॉलोनी के प्रवेश मिश्रा, सीबीगंज में सराय तल्फी के नरेश मौर्य, मुरादाबाद के फिरोज खान और भुता के गांव सऊआ के हरपाल सिंह को भी नामजद करने की तैयारी है।
कैनविज के पांच एजेंट भेजे गए थे जेल
पिछले दिनों कैनविज के खिलाफ निवेशकों ने कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करके कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इस पर इन आरोपियों ने प्रदर्शन कारियों को धमकाया था, जिस पर सुभाषनगर के ग्वाला गली निवासी पंकज त्रिपाठी ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने हरेंद्र प्रकाश, सोमपाल सिंह, हेमंत पटेल, प्रवेश मिश्रा और नरेश मौर्य को जेल भी भेजा था। ये सभी आरोपी कैनविज के एजेंट हैं।


