वायरल ऑडियो मामले में जांच शुरू, शोकॉज का दिया जवाब
तीन सदस्यीय कमेटी कर रही वायरल ऑडियो मामले की जांच जांच कमेटी को तीन दिनों

भागलपुर, वरीय संवाददाता। टीएमबीयू में दो पूर्व एसओ के बीच बातचीत में एक अधिकारी और वर्तमान एसओ पर तीन लाख रुपये लेकर पेंशन जारी करने के आरोपों से जुड़े वायरल ऑडियो की जांच बुधवार को शुरू हो गई है। सोमवार को एफए चतुर किस्कू के कार्यालय में सदस्य डॉ. कमल प्रसाद और डॉ. मुस्फिक आलम काफी देर तक वायरल ऑडियो के हर बिंदु पर चर्चा की। साथ ही उसकी सत्यता को लेकर भी विमर्श किया गया। कमेटी ने तय किया है कि वायरल ऑडियो में जिन दो पूर्व प्रशाखा पदाधिकारी के बीच बातचीत है, उन्हें भी कमेटी ने जानकारी लेने के लिए बुलाया था।
एक पूर्व प्रशाखा पदाधिकारी जांच कमेटी के समक्ष पहुंचे थे, उन्होंने कहा कि जो जवाब देना था। वह शोकॉज के जवाब में दे दिया है। उन्होंने बताया कि उनका पेंशन जारी नहीं किया गया है। इसी कारण वे परेशान होकर पूर्व एसओ से बात कर रहे थे। इसमें ही जानकारी मिली कि पेंशन जारी करने के लिए पैसे का लेनदेन कर्मी और अधिकारी के बीच होता है। दूसरे पूर्व एसओ को भी बुलाया गया, लेकिन वे अपने रिश्तेदार के इलाज के लिए बाहर हैं, इसी कारण नहीं आ सके हैं।उधर, विवि प्रशासन को एक अधिकारी, एक वर्तमान कर्मी और दो पूर्व एसओ से पूछे गए स्पष्टीकरण का जवाब मिल गया है। 24 घंटे के भीतर चारों को जवाब देने के लिए कहा गया था। ऑडियो वायरल होने के बाद विवि में हड़कंप की स्थिति है। इस मामले में संज्ञान लेकर कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। उन्हें तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट देनी है।


