तीन अधिकारियों की टीम करेगी पीएमश्री स्कूल सकेथू की जांच
लखीमपुर के नकहा ब्लाक के पीएमश्री विद्यालय में सहायक शिक्षक ने प्रधानाध्यापक पर मनमानी का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया गया है कि छात्रों को एमडीएम योजना के तहत फल नहीं वितरित किए जा रहे हैं और प्रधानाध्यापक विद्यालय समय पर नहीं आते। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने जांच के लिए तीन अधिकारियों की टीम का गठन किया है।

लखीमपुर। नकहा ब्लाक के पीएमश्री विद्यालय सकेथू के सहायक शिक्षक की शिकायत पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर ने तीन अधिकारियों की टीम जांच के लिए गठित की है। टीम से एक सप्ताह के अन्दर जांच रिपोर्ट मांगी है। सहायक शिक्षक ने अपने ही स्कूल के प्रधानाध्यापक पर मनमानी करने का आरोप लगाया। साथ ही बच्चों को एमडीएम में फल वितरित न करने का आरोप लगाया। विद्यालय के सहायक अध्यापक अमित कुमार तिवारी ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में शिकायत दर्ज कराई कि विद्यालय में छात्रों को एमडीएम योजना के तहत फल नहीं बांटे जाते हैं। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी नकहा को कई बार फोन पर सूचित किया गया और छात्रों को फल न मिलने का वीडियो भी भेजा गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत में यह भी कहा कि प्रभारी प्रधानाध्यापक दिलीप मिश्र विद्यालय समय पर नहीं आते और यदि आते भी हैं तो तुरंत चले जाते हैं। सहायक अध्यापक के उपस्थित होने के बावजूद उन्हें अनुपस्थित दिखाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया गया है। इस शिकायत पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर चलुवराजु आर ने बीडीओ नकहा, नायब तहसीलदार लखीमपुर (द्वितीय) और बीईओ नकहा की टीम को शिकायत की जांच कर एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट मांगी है। यह भी कहा है कि जांच के दौरान विद्यालय के छात्रों, गांव के लोगों व आवेदक का पक्ष सुना जाए और जियो-टैग फोटो भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए जाएं।


