जेई के खिलाफ मुकदमा चलाने को मांगे अभिलेख
बस्ती में लघु सिंचाई विभाग के जेई अरविन्द कुमार मल्ल के खिलाफ सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप के चलते मुकदमा दर्ज हुआ है। मुख्य अभियंता ने एसपी से अद्यतन स्थिति और रिकॉर्ड मांगे हैं। पोलिस ने पहले ही आरोप-पत्र तैयार किया है और अभियोजन की स्वीकृति के लिए पत्राचार जारी है।

बस्ती। मुख्य अभियंता लघु सिंचाई ने एसपी बस्ती से लघु सिंचाई विभाग के जेई के खिलाफ दर्ज मुकदमे से संबंधित अभिलेख और उसकी अद्यतन स्थिति मांगी है। जेई के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति के लिए एसपी बस्ती ने मुख्य अभियंता लघु सिंचाई को पत्र लिखा था। मामला विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर के लघु सिंचाई विभाग से जुड़ा है। विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर में तैनात रहे लघु सिंचाई विभाग के जेई अरविन्द कुमार मल्ल के खिलाफ वर्ष 2023 में वाल्टरगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्तमान में वह लघु सिंचाई खंड कार्यालय गोरखपुर से संबद्ध हैं। उन पर विकास खंड की ग्राम पंचायत जिनवा में इंडिया मार्का हैंडपंप के रिबोर कार्य में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप है।
इस मामले में वाल्टरगंज थाने में गबन समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद आरोप-पत्र भी तैयार कर लिया है। जेई के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति के लिए डीएम ने 27 मई 2024 और एसपी ने सात मई 2024 को मुख्य अभियंता, लघु सिंचाई विभाग, उत्तर प्रदेश को पत्र भेजा था। इसके बाद मुख्य अभियंता ने एसपी बस्ती को पत्र भेजकर मुकदमे की अद्यतन स्थिति और संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्य अभियंता ने पत्र में कहा है कि अरविन्द कुमार मल्ल वर्तमान में लघु सिंचाई खंड कार्यालय गोरखपुर से संबद्ध हैं। उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे की अद्यतन स्थिति की जानकारी पहले भी मांगी जा चुकी है, लेकिन अभी तक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में अभियोजन की स्वीकृति के संबंध में निर्णय के लिए मुकदमे की वर्तमान स्थिति और संबंधित अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है।


