अंतर्राज्यीय अंग्रेजी शराब की तस्करी का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार
अम्बेडकरनगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय अंग्रेजी शराब तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 211 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, एक कार, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की गई है। आरोपितों ने शराब को अवैध रूप से बिहार ले जाने का प्रयास किया था।
अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अम्बेडकरनगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय अंग्रेजी शराब तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 211 लीटर (282 बोतल) अवैध अंग्रेजी शराब, एक कार, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जलालपुर पुलिस ने गुरुवार को संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के सुरहुरपुर रोड स्थित चौबै का पूरा के पास कार्रवाई की। पुलिस ने एक टोयोटा रूमियन कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की जानकारी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चंडीगढ़ निवासी संदीप कुमार तथा विकास कुमार सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि बरामद शराब केवल चंडीगढ़ राज्य में बिक्री के लिए अधिकृत थी, जिसे अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मैजिक मोमेंट्स की 72, रॉयल स्टैग की 84 तथा ऑल सीजन्स ब्रांड की 126 बोतलें, कुल 282 बोतल (करीब 211 लीटर) अंग्रेजी शराब, टोयोटा रूमियन कार, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,240 रुपये नकद बरामद किए। कोतवाल अजय प्रताप ने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल मेराजुल हसन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


