वैदिक गणित और संख्या सिद्धांत की बारीकियों से रूबरू हुए छात्र
वाराणसी में यूपी कॉलेज के गणित विभाग ने चार दिवसीय इंटर्नशिप का आयोजन किया, जिसमें 50 छात्रों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को वैदिक गणित, संख्या सिद्धांत और गणितीय अवधारणाओं का व्यावहारिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। इस इंटर्नशिप का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित में रुचि विकसित करना और उनकी विश्लेषणात्मक क्षमता को बढ़ाना है।

वाराणसी। यूपी कॉलेज में गणित विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय इंटर्नशिप में विद्यार्थियों को वैदिक गणित एवं संख्या सिद्धांत के विभिन्न आयामों का व्यावहारिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। इंटर्नशिप में 50 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर गणितीय अवधारणाओं, त्वरित गणना तकनीकों और संख्या सिद्धांत की उपयोगिता को विस्तार से समझा। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने वैदिक गणित की सरल एवं सटीक गणना पद्धतियों, संख्या सिद्धांत के मूल सिद्धांतों, उसके गणितीय अनुप्रयोगों और प्रतियोगी परीक्षाओं में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को विभिन्न उदाहरणों और अभ्यासों के माध्यम से कठिन गणितीय समस्याओं को सरल तरीके से हल करने की विधियां भी सिखाई गईं।
गणित विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष कुमार गुप्ता और प्रो. मनोज प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इंटर्नशिप का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी तार्किक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता को बढ़ाना तथा विषय की व्यावहारिक समझ को मजबूत करना है। संचालन में डॉ. नवीन कुमार झा, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ. विभा मिश्रा, डॉ. सुमित प्रसाद तथा डॉ. राजीव कुमार सिंह का योगदान रहा। संयोजन प्रो. मनोज प्रकाश त्रिपाठी ने किया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


