एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
अम्बेडकरनगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने भाग लिया। योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर चर्चा की गई। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन में शामिल करने की अपील की।

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे योग सप्ताह के तहत मंगलवार को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्टेडियम के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों एवं विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने इसमें प्रतिभाग किया। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और एकाग्रता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मंजूर आलम ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्टेडियम के सभी प्रशिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


