गिद्ध संरक्षण को लेकर दुधवा में चला जागरूकता अभियान
अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस पर दुधवा टाइगर रिजर्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को गिद्धों के पारिस्थितिक महत्व के बारे में बताया गया। मुख्य कार्यक्रम श्रीराम चंद्र महाविद्यालय में आयोजित हुआ, जहां प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रमाण-पत्र दिए गए।

पलियाकलां। अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार को दुधवा टाइगर रिजर्व की विभिन्न रेंजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उप निदेशक जगदीश आर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को गिद्धों के पारिस्थितिक महत्व तथा संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य कार्यक्रम श्रीराम चंद्र महाविद्यालय, मैलानी में आयोजित हुआ। यहां विद्यार्थियों के बीच मिट्टी से कलाकृति निर्माण और चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। गोष्ठी में वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिद्ध मृत जीवों को खाकर प्रकृति की स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन्हें प्रकृति का ‘सफाईकर्मी’ भी कहा जाता है।
विद्यार्थियों को गिद्ध संरक्षण के साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने और वन्यजीवों के प्रति सुरक्षित व्यवहार की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा सठियाना, गौरीफंटा, उत्तर सोनारीपुर, किशनपुर, सम्पूर्णानगर व अन्य क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। वन विभाग ने आमजन से गिद्धों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


