अनुवाद सांस्कृतिक चेतना व अस्मिता निर्माण का माध्यम
दरभंगा, नगर संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में वेबिनार आयोजित किया गया। विद्वतजनों ने अनुवाद की परंपरा, उसकी प्रासंगिकता और भाषा-साहित्य के साथ अंतर्संबंधों पर विचार किए। वक्ताओं ने अनुवाद की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वेबिनार में शिक्षक, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

दरभंगा, नगर संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस के अवसर पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अंग्रेज़ी विभाग में राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। विद्वतजनों ने अनुवाद की ऐतिहासिक परंपरा, उसके विविध स्वरूपों, वैश्वीकरण के दौर में उसकी प्रासंगिकता तथा भाषा, साहित्य, संस्कृति, राजनीति और स्मिता के साथ उसके गहरे अंतर्संबंधों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
अनुवाद का महत्व
मुख्य वक्ता गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार, उत्तराखंड के प्रो. एमआर वर्मा ने कहा कि अनुवाद भाषाओं को समृद्ध करने के साथ-साथ साहित्य-सृजन, ज्ञान के प्रसार और विभिन्न भाषाई समुदायों के मध्य संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आईआईटी, रुड़की के प्रो. विनोद मिश्रा ने अनुवाद के राजनीतिक एवं सांस्कृतिक पक्ष को रेखांकित करते हुए बताया कि आधुनिक विमर्श में अनुवाद को केवल भाषांतरण की प्रक्रिया के रूप में नहीं देखा जा सकता। कहा कि इतिहास में अनुवाद का उपयोग जहां औपनिवेशिक सत्ता के उपकरण के रूप में हुआ, वहीं इसी अनुवाद ने औपनिवेशिक विमर्श को चुनौती देने तथा उसके प्रतिरोध का माध्यम बनने में भी अहम भूमिका निभाई।
अनुवाद की चुनौती
डॉ हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर, मध्य प्रदेश के भाषा विज्ञान विभाग के डॉ. बबलू रे ने कहा कि अनुवाद औपनिवेशिक संरचनाओं और विमर्शों को समझने तथा उन्हें चुनौती देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। वक्ताओं के अनुसार अनुवाद भाषा, साहित्य और संस्कृति को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न समाजों के बीच ज्ञान एवं विचारों के आदान-प्रदान का सेतु भी निर्मित करता है।
सम्मानित वक्ता
अध्यक्षता करते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. पुनिता झा ने अनुवाद की उपयोगिता और उसके व्यापक महत्व पर प्रकाश डाला। वेबिनार का संचालन डॉ. संकेत कुमार झा, डॉ. शांभवी, डॉ. बीरेन्द्र मिश्रा तथा डॉ. अरीका पॉल ने किया, जबकि संयोजन डॉ. नवीन कुमार सिंह का रहा। वेबीनार में कई शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए।


