अनुवाद में सांस्कृतिक सरोकारों का ध्यान जरूरी: संजीव मिश्र
दरभंगा, नगर संवाददाता। सीएम साइंस कॉलेज के मानवीकी विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें अनुवाद के सांस्कृतिक सरोकारों एवं व्यावहारिक पक्षों पर चर्चा की गई। प्रमुख वक्ताओं ने भारतीय ज्ञान-परंपरा को संरक्षित करने के लिए अनुवाद के महत्व पर प्रकाश डाला।

दरभंगा, नगर संवाददाता। सीएम साइंस कॉलेज के मानवीकी विभाग के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस के अवसर पर बुधवार को सरहदों के पार : वैश्विक एवं सांस्कृतिक सामर्थ्य विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने कहा कि अनुवाद कार्य में सांस्कृतिक सरोकारों को ध्यान में रखना भी काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह अनुवाद कौशल ही है, जिसके माध्यम से हम वैज्ञानिक एवं साहित्यिक उपलब्धियों को वैश्विक पटल पर स्थापित करने में समर्थ हो पाते हैं।
मुख्य अतिथि का वक्तव्य
मुख्य अतिथि एलएस कॉलेज, मुजफ्फरपुर के हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार झा ने भारत और विश्व की ज्ञान परम्परा में अनुवाद के यथार्थ एवं सांस्कृतिक सन्दर्भों को रेखांकित करते हुए व्यापक प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता कॉलेज के मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येन्द्र कुमार झा ने विभिन्न पार्श्वीय विद्वानों के अनुवाद सम्बन्धी अवधारणाओं की सोदाहरण व्याख्या करते हुए अनुवाद के व्यावहारिक पक्षों पर विस्तृत चर्चा की। अनुवाद के मार्ग में अवरोध के व्यावहारिक पक्षों पर विस्तृत चर्चा करते हुए उन्होंने उसके निराकरण पर भी जीवंत विमर्श किया। जिसने संगोष्ठी को अति प्रासंगिक बनाया।
संगोष्ठी का संचालन
स्वागत भाषण एवं विषय प्रवेश करते हुए संगोष्ठी के संयोजक अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. युगेश्वर साह ने कहा कि अनुवाद के माध्यम से भारतीय ज्ञान-परंपरा को संरक्षित, सुरक्षित और एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक सुगमता के साथ संवहित किया जा सकता है। संचालन डॉ. ऋचा कुमारी तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. युगेश्वर साह ने किया। मौके पर डॉ. यूके दास, डॉ. सुजीत कुमार चौधरी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. बीडी त्रिपाठी, डॉ. शाकिर अहमद, डॉ. अनित कुमार, डॉ. ए हरिनाथ, डॉ. पूजा अग्रहरि, डॉ. वरुण कुमार प्रभात, डॉ. खालिद अनवर, डॉ. अभय सिंह, डॉ. अवध बिहारी यादव, डॉ. अभिषेक शेखर, डॉ. पंकज कुमार चौधरी, डॉ. ओसेद आलम, डॉ. अंशु सिन्हा, डॉ. निधि झा, डॉ. सुषमा रानी, डॉ. विनीता सिंह, डॉ. पांशु प्रतीक, डॉ. गौतम साह, डॉ रश्मि रेखा सहित शिक्षक, कर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

