अनुवाद के क्षेत्र में करियर की असीम संभावना
अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस के उपलक्ष्य में वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ ऑथर्स एंड रिसर्चर्स द्वारा 'अनुवाद अध्ययन: बदलते परिप्रेक्ष्य और शोध की उभरती संभावनाएं' विषय पर राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता ने क्षेत्रीय भाषाओं में शोध की आवश्यकता और अनुवाद की मानवीय प्रक्रिया पर विचार प्रस्तुत किए।

राजीव रंजन झा,दरभंगा। अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस के उपलक्ष्य में वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ ऑथर्स एंड रिसर्चर्स (डब्ल्यूएएआर), दरभंगा चैप्टर के तत्वावधान में 21वीं सदी में अनुवाद अध्ययन : बदलते परिप्रेक्ष्य और शोध की उभरती संभावनाएं विषय पर राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वयन चैप्टर के निदेशक सह सीएम साइंस कॉलेज के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. युगेश्वर साह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सुबोध कुमार रय के स्वागत संबोधन से हुआ। मुख्य अतिथि लनामिवि के पीआरओ डॉ. आरएन चौरसिया ने कहा कि अनुवाद के माध्यम से भारतीय ज्ञान-परंपरा को संरक्षित करने के साथ-साथ उसे भौगोलिक सीमाओं के पार पहुंचाया जा सकता है। भारतीय दर्शन, जीवन-मूल्यों, साहित्य और संवेदनाओं को विश्व स्तर पर पहुंचाने में अनुवाद की महत्वपूर्ण भूमिका है। सांस्कृतिक संवाद के माध्यम से भारतीय समाज को ज्ञान-समाज और भारत को विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने में अनुवाद महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्य वक्ता के विचार
मुख्य वक्ता दिल्ली विवि के राजधानी कॉलेज के डॉ. सचिदानंद झा ने अनुवाद के क्षेत्र में उभरती शोध-संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि मैथिली, मगही, भोजपुरी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं में शोध की सख्त आवश्यकता है, ताकि इन भाषाओं के समृद्ध साहित्य और ज्ञान-परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने अनुवाद को भाषाओं और संस्कृतियों के बीच संवाद एवं समझौता की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में भी अनुवाद मूलत: एक मानवीय प्रक्रिया है। दिल्ली विवि के डॉ. ललित कुमार, डॉ. विजय कुमार राय, डॉ. अमरजीत यादव आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

