वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और पीढ़ियों के संवाद से गूंजे मूरतगंज के विद्यालय
अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर मूरतगंज विकास खंड के विद्यालयों में बुजुर्गों का सम्मान किया गया। बच्चों ने दादा-दादी को पत्र लिखकर प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को साझा किया गया और विद्यार्थियों ने जीवन मूल्यों को समझने का संकल्प लिया। चित्रकला प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई।

अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर बीएसए के निर्देशानुसार विकास खंड मूरतगंज के विभिन्न विद्यालयों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा पीढ़ियों के बीच आत्मीय संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों से सम्मान पाकर बुजुर्ग गदगद नजर आए। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के मौके पर मूरतगंज ब्लॉक क्षेत्र के काजीपुर, बसावनपुर, मोहिद्दीनपुर गौस, छोटी धन्नी, महगांव, सैता, कसिया, काजू सहित मूरतगंज के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने परिवार एवं समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान करेंगे।
उनके अनुभवों और जीवन मूल्यों को समझेंगे तथा उनके प्रति सदैव संवेदनशील एवं सहयोगी व्यवहार रखेंगे। इस अवसर पर बच्चों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के नाम भावनात्मक पत्र लिखकर उनके प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में अंतरपीढ़ी प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों से बच्चों को वरिष्ठजनों के जीवन अनुभवों, पारिवारिक मूल्यों और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच पीढ़ियों के संबंधों को समझने का अवसर मिला। विद्यालय परिवार ने वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र व शाल प्रदान कर सम्मानित किया। वरिष्ठजनों ने बच्चों के साथ अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष, सीख और प्रेरक प्रसंग साझा किए।

