कंपोजिट स्कूल रक्सवारा से निकाली गई साक्षरता रैली
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर बेसिक शिक्षा विभाग ने रक्सवारा स्कूल में साक्षरता रैली का आयोजन किया। बच्चे स्लोगन वाले पोस्टर लेकर गांव में भ्रमण करते रहे। प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने गांव के लोगों को साक्षरता के महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर सभी उम्र के लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग ने साक्षरता पखवाड़ा अंतर्गत कंपोजिट स्कूल रक्सवारा में साक्षरता रैली का आयोजन किया। रैली में विद्यालय के बच्चों ने अपने हाथ में साक्षरता संबंधित स्लोगन लिखे पोस्टर व बैनर लेकर नारे लगाते हुए गांव का भ्रमण किया। रैली में भ्रमण के दौरान जगह-जगह पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश वर्मा एवं अन्य शिक्षकों ने ग्रामीणों से मिलकर गांव के सभी आयु वर्ग के लोगों को साक्षर व शिक्षित होने के लिए प्रेरित किया। बताया कि उम्र की कोई सीमा नहीं होती, शिक्षा हर अंधकार को धोती। पढ़ी-लिखी जब होगी नारी, तभी मिटेगी अज्ञानता सारी।
अंगूठा हटाओ कलम उठाओ-देश को आगे बढ़ाओ इत्यादि साक्षरता संबंधित नारे लगाए गए। शिक्षक राजेश वर्मा ने ग्राम वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि मंगलवार आठ सितंबर को संपूर्ण विश्व अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मना रहा है। इसका उद्देश्य समाज में शिक्षा और साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने एवं सभी आयु वर्ग के व्यक्तियों को साक्षर बनाना है। साक्षरता उल्लास योजना के अंतर्गत भारत में 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को साक्षर बनाने के लिए उल्लास कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत निरक्षरों को पंजीकृत कर साक्षर बनाने का कार्य किया जा रहा है। साक्षरता रैली में शिक्षक प्रमोद कुमार, राम प्रकाश स्वर्णकार, अजय सिंह, आंगनवाड़ी प्रतिमा सिंह, रेखा तिवारी, विद्यालय की रसोइया कलावती, सुषमा, श्याम कुमारी उपस्थित रहीं।

