वृद्धाश्रम में मना अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, डालसा सचिव ने जाना हाल
चतरा में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तारकेश्वर दास ने वृद्धजनों से मुलाकात की और उनकी भलाई की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की नींव हैं और उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है।

चतरा, विधि संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर चतरा स्थित वृद्धाश्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता सह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डालसा चतरा के सचिव तारकेश्वर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सचिव तारकेश्वर दास ने आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों के साथ कुछ समय बिताया और उनकी आपबीती भी सुनी। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की नींव और अनुभव के भंडार हैं, उनका सम्मान और देखभाल करना हम सबका नैतिक कर्तव्य है।
इस मौके पर सचिव ने वृद्धजनों को सरकार द्वारा उनके हित में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी वृद्धजन को परिवार द्वारा प्रताड़ित किया जाता है या संपत्ति से बेदखल किया जाता है तो वे सीधे जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद सचिव तारकेश्वर दास ने चतरा स्थित बालक गृह का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे बच्चों से मिलकर उनका हाल-चाल लिया, उनकी पढ़ाई-लिखाई, खान-पान और रहन-सहन की व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम में फ्रंट ऑफिस अधिकार मित्र अरविन्द कुमार दास तथा सदर प्रखंड के सभी अधिकार मित्र मौजूद थे।

