आज विद्यालयों में मनेगा अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस
- लखीसराय के सभी विद्यालयों में होंगे विविध कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिलाई जाएगी अहिंसा एवं शांति की शपथ

कजरा,एक संवाददाता। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस का आयोजन जिले के सभी विद्यालयों में किया जाएगा। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, लखीसराय ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश जारी कर अपने-अपने प्रखंडाधीन विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कराना सुनिश्चित करने को कहा है।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में शांति, अहिंसा, सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना है। अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर विद्यालयों में विद्यार्थियों की भागीदारी से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा सकता है। गांधी रिसर्च फाउंडेशन, जलगांव की ओर से जारी अपील में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक ‘अहिंसा सप्ताह’ मनाने का सुझाव दिया गया है। इसके तहत निबंध लेखन, भाषण, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला प्रतियोगिता, कविता पाठ, शांति गीत, नाटक, नुक्कड़ नाटक, संगीत कार्यक्रम, शांति मार्च, पोस्टर प्रदर्शनी तथा शांति प्रतिज्ञा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं。
अलग-अलग दिन होंगी विभिन्न गतिविधियां:
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को निबंध लेखन, भाषण एवं नारा लेखन कराया जा सकता है। 30 सितंबर को प्रश्नोत्तरी, चित्रकला प्रतियोगिता, कविता एवं शांति गीत के साथ शांति, अहिंसा तथा महात्मा गांधी, नेल्सन मंडेला एवं मार्टिन लूथर किंग जूनियर जैसे अहिंसावादी नेताओं पर प्रश्नोत्तर सत्र शामिल है। 1 अक्टूबर को नाटक, नुक्कड़ नाटक एवं संगीत कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। वहीं 2 अक्टूबर को शांति मार्च, सामूहिक सभा, पोस्टर-बैनर प्रदर्शनी तथा अहिंसा की शपथ दिलाने की गतिविधियां होंगी। 3 अक्टूबर को पूर्व आयोजित कार्यक्रमों के परिणाम प्रदर्शित करने तथा प्रस्तुतीकरण की गतिविधियां की जा सकती हैं। 4 अक्टूबर को स्वदेशी, जैविक एवं खादी दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित करने तथा अहिंसा, स्वदेशी एवं महात्मा गांधी से संबंधित साहित्य उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया है।
गांव, स्वच्छता और नशामुक्ति पर भी जोर:
अहिंसा सप्ताह के दौरान केवल विद्यालय आधारित गतिविधियों तक सीमित नहीं रहने, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का भी सुझाव दिया गया है। इसके तहत किसी गांव को गोद लेकर उसके समग्र विकास में सहयोग, स्थानीय स्तर पर स्वच्छता अभियान, युवाओं के बीच नशामुक्ति अभियान, गांवों में वर्षाजल संचयन एवं जल Conservation तथा ग्रामीण विद्यालयों में मूल्यपरक शिक्षा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
विद्यार्थियों को दिलाई जाएगी अहिंसा की शपथ:
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं को अहिंसा एवं शांति की प्रतिज्ञा दिलाने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रस्तावित शपथ में विश्व, व्यक्ति और समुदाय के बीच शांति बनाए रखने, प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने, सत्य एवं न्याय का पालन करने, व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में प्रेम तथा अहिंसा का व्यवहार करने और सभी मनुष्यों का समान रूप से सम्मान करने का संकल्प शामिल है। इसके अलावा हिंसा एवं असहिष्णुता का समर्थन नहीं करने, मतभेदों को संवाद एवं संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने तथा शांति, सद्भाव, न्याय, समानता, प्रेम और एकता पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रयास करने का संकल्प भी शामिल है।


