मानदेय न बढ़ने पर आयुष इंटर्न ने फिर शुरू किया कार्य बहिष्कार
लखनऊ, विशेष संवाददाता। प्रदेश में आयुर्वेदिक, होम्योपैथी और यूनानी मेडिकल कॉलेजों

लखनऊ, विशेष संवाददाता प्रदेश में आयुर्वेदिक, होम्योपैथी और यूनानी मेडिकल कॉलेजों में मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न छात्र-छात्राओं ने फिर कार्य बहिष्कार के साथ ही ओपीडी बंद करने की घोषणा की है। इंटर्न के मुताबिक आयुष मंत्री ने बुधवार तक स्टाइपेंड को लेकर चल रहा गतिरोध खत्म करने का आश्वासन दिया था। मगर 16 सितंबर तक इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं हुआ। ऐसे में नाराज इंटर्न ने गुरुवार से दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया है।राजधानी लखनऊ स्थित नेशनल होम्योपैथी कॉलेज में इंटर्न मेडिकोज ने कॉलेज के द्वार पर ताला जड़ दिया। कानपुर होम्योपैथी कॉलेज के अलावा बाकी सभी कॉलेजों में इंटर्न ने कार्य बहिष्कार किया।
उनका कहना था कि वर्ष 2011 में आयुष और एलोपैथी इंटर्न डॉक्टरों का मानदेय 7500 रुपये ही था। फिर एलोपैथी के इंटर्न का मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया, जबकि आयुष इंटर्न को केवल 7500 रुपये ही मिलता रहा। उन्होंने कहा कि जब तक आयुष इंटर्न डॉक्टरों को भी 25 हजार रुपये मानदेय का आदेश जारी नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मांगें पूरी न होने पर दोबारा लखनऊ में ही डेरा डालकर आंदोलन की चेतावनी दी है।


