स्टाइपेंड नहीं बढ़ाने पर इंटर्न डॉक्टरों में आक्रोश
अल्मोड़ा के इंटर्न डॉक्टरों का आक्रोश जारी है। इन्होंने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और 30 हजार रुपए स्टाइपेंड की मांग की है। उनका कहना है कि महज 17 हजार रुपए से उनका खर्च नहीं चल पाता। अगर मांग नहीं मानी गई, तो सोमवार से कार्यबहिष्कार करने की चेतावनी दी गई है।
अल्मोड़ा, संवाददाता। मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों का आक्रोश अब भी बरकरार है। रविवार को भी इंटर्न डॉक्टरों ने काली पट्टी बांध सांकेतिक प्रदर्शन किया। कहा कि स्टाइपेंड नहीं बढ़ाया तो सोमवार से कार्यबहिष्कार करने को बाध्य होंगे। वॉइस ऑफ इंटर्न्स के बैनर तले एमबीबीएस इंटर्न्स से विरोध जताकर कहा कि वह अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, ओपीडी, वार्ड, आपातकालीन सेवाओं सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहे हैं। 24 घंटे सातों दिन इंटर्न डॉक्टर अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सम्मानजनक स्टाइपेंड नहीं मिल पा रहा है। महज 17 हजार का स्टाइपेंड मिलने से उनका रोजर्मरा का खर्च तक नहीं चल पा रहा है।
इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड में बढ़ोत्तरी कर 30 हजार करने की मांग की। कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो सभी इंटर्न डॉक्टर सात सितम्बर से कार्यबहिष्कार करेंगे। यहां रक्षित देवड़ी, वंश, पंकज, ध्रुव देवराड़ी, गुंजन, अंशिका, फैज आदि रहे।


