मानदेय बढ़ाने को लेकर इंटर्न डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन
लाल बहादुर शास्त्री राजकीय होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों का धरना-प्रदर्शन जारी है। डॉक्टर 25000 रुपये मानदेय की मांग कर रहे हैं, जबकि उन्हें वर्तमान में 7500 रुपये मिल रहे हैं। प्रदर्शन के कारण मरीज मायूस होकर लौट गए और जूनियर डॉक्टरों की पढ़ाई भी बाधित हुई।

लाल बहादुर शास्त्री राजकीय होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज फाफामऊ में गुरुवार को तीसरे दिन मानदेय में बढ़ोतरी की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टरों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। इंटर्न डॉक्टरों ने ‘वन नेशन-वन स्टाइपेंड’ लिखी हुईं तख्तियां लेकर अस्पताल के गेट पर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते दूर-दराज से आए मरीज मायूस होकर लौट गए। जूनियर डॉक्टरों की पढ़ाई भी बाधित रही। इंटर्न डॉक्टरों का कहना है एमबीबीएस के इंटर्न डॉक्टरों की तरह आयुष के इंटर्न को भी 25000 रुपये मानदेय दिया जाना चाहिए। हालांकि मानदेय में बढ़ोतरी की मांग को संज्ञान में लेते हुए निदेशक होम्योपैथी डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कॉलेज प्रशासन से वित्तीय व्यय भार से संबंधित रिपोर्ट मांगी गई है।
निदेशक की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि अवशेष वित्तीय वर्ष और आगामी वित्तीय वर्ष में कितना व्यय भार बढ़ेगा। आयुष इंटर्न को इस समय 7500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। यदि मानदेय में बढ़ोतरी होगी तो उसका लाभ आयुष से संबंधित बीएचएमएस, बीएएमएस और बीयूएमएस के 278 इंटर्न डॉक्टरों को लाभ मिलेगा। इसमें होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज फाफामऊ, यूनानी मेडिकल कॉलेज हिम्मतगंज और आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज हंडिया के इंटर्न शामिल हैं।


