आयुर्वेद कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों ने फिर दिया धरना
हिन्दुस्तान, वाराणसी
वाराणसी के चौकाघाट स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार के खिलाफ धरना दिया। उनका आरोप है कि एमबीबीएस और बीएएमएस इंटर्न के बीच स्टाइपेंड में भेदभाव हो रहा है। इंटर्न ने 25,000 रुपये स्टाइपेंड की मांग की और कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे पैदल मार्च करेंगे।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। चौकाघाट स्थित राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में शनिवार को इंटर्न डॉक्टरों (बीएएमएस अंतिम वर्ष) ने फिर धरना दिया। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि एमबीबीएस और बीएएमएस इंटर्न के बीच स्टाइपेंड को लेकर सरकार भेदभाव कर रही है। कैंपस में दिनभर इंटर्न और बीएएमएस अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने धरना दिया और प्रदेश सरकार से तत्काल प्रभाव से 25 हजार रुपये स्टाइपेंड देने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों ने कहा कि पिछले 15 साल से हमे 7500 रुपये ही स्टाइपेंड दिया जा रहा है। इसे बढ़ाना चाहिए। डॉक्टरों ने कहा कि हमारी मांगे नहीं मानी गईं तो सोमवार को पैदल मार्च निकाल कर विरोध जताएंगे।


