इंटरसिटी 22 से तेरह दिन रद्द, राज्यरानी डायवर्ट
सहरसा से राजेन्द्र नगर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द रहेगी। राज्यरानी एक्सप्रेस ने नए रूट के अनुसार चलना शुरू किया है। यह बदलाव नए राजेन्द्र पुल में डबल लाइन कार्य के कारण किया गया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इससे ट्रेनों का संचालन सुगम होगा।

सहरसा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। सहरसा से राजेन्द्रनगर जाने और आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 22 सितंबर से चार अक्टूबर तक लगातार 13 दिन रद्द रहेगी। ललितग्राम से सहरसा के रास्ते पटना जाने और आने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक पटना की बजाय सोनपुर स्टेशन से चलेगी। अस्थायी रूप से होने वाला यह बदलाव नए राजेन्द्र पुल को डबल लाइन व यार्ड से जोड़ने के लिए प्री एनआई और एनआई कार्य होने के कारण दिखेगा। मिली जानकारी मुताबिक राज्यरानी एक्सप्रेस उक्त अवधि में हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय रूट से चलेगी। हालांकि, 21 सितंबर को भी पटना से चलने वाली राज्यरानी बदले रूट से चलेगी।
उस दिन यह ट्रेन पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी रूट से चलेगी। ब्लॉक अवधि में कोसी क्षेत्र की दोट्रेनों के पटना नहीं जाने से सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि नए राजेन्द्र सेतु पुल पर डबल लाइन का काम होने से महत्वपूर्ण रूट पर ट्रेनों का परिचालन काफी सुगम हो जाएगा। ट्रेन चलाने के लिए अतिरिक्त रेललाइन भी मिल जाएगी। जिससे ट्रेन और भी गति के साथ आवाजाही कर सकेगी।80 दिनों का ट्रैफिक ब्लॉक हुआ शुरू: सहरसा-मानसी रेलखंड के धमारा-बदला घाट में स्थित पुल संख्या 51 के उन्नयन और नवीनीकरण कार्य के लिए 80 दिनों का ब्लॉक शुक्रवार से लिया गया। अब 80 दिन की अवधि में हर रोज सुबह 7.50 से 9.20 बजे तक डेढ़ घंटे के लिए ब्लॉक लेते कार्य किया जाएगा। रेल प्रशासन का कहना है कि कोसी क्षेत्र की महत्वपूर्ण रेलखंड में इस तरह के कार्य होने के बाद पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण लागू स्थायी गति सीमा हटेगी। जिससे ट्रेनों की लेटलतीफी थमेगी और समयपालन में सुधार होगा। इधर, शुक्रवार को ब्लॉक के कारण समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन 55566 करीब पौने दो घंटे लेट पहुंची। पूर्णिया कोर्ट से सहरसा के रास्ते अमृतसर जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस नियंत्रित करते चलाई गई।


