स्टेट वॉलीबाल चैंपियनशिप में खेले गए आठ मुकाबले
बिहपुर के गौरीपुर में तीन दिवसीय इंटर स्टेट वॉलीबाल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन चल रहा है। दूसरे दिन रात को आठ मुकाबले हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बेगूसराय, खगड़िया, छपरा और धनबाद की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन नवगछिया पुलिस जिला वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष ने किया।

बिहपुर, संवाद सूत्र। प्रखंड अंतर्गत पुस्तकालय मैदान गौरीपुर में आयोजित तीन दिवसीय डे-नाइट इंटर स्टेट वॉलीबाल चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन शनिवार की रात फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी में आठ मुकाबले खेले गए। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। गाजीपुर उत्तर प्रदेश ने पश्चिम बंगाल को, बेगूसराय ने खगड़िया को, छपरा ने धनबाद झारखंड को, गौरीपुर ने नवगछिया को तथा उत्तर प्रदेश की टीम ने खगड़िया को पराजित किया। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन नवगछिया पुलिस जिला वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष उत्तम कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। आयोजन समिति से जुड़े पूर्व पंसस प्रतिनिधि नीतेश कुमार चौधरी, हर्ष, मुकुल,चंदन, राजा, कृष्णम, प्रीतम एवं सुशांत ने बताया कि चैंपियनशिप में बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड की टीमों ने हिस्सा लिया है।


