इंटर सेक्टर फुटबॉल प्रतियोगिता के प्रथम मैच में लखीमपुर खीरी की शानदार जीत
श्रावस्ती में आयोजित 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की इंटर सेक्टर फुटबॉल प्रतियोगिता में लखीमपुर खीरी ने गोरखपुर को 4-1 से हराया। दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने खिलाड़ियों की सराहना की और आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं दी।
श्रावस्ती,संवाददाता। 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल भिनगा द्वारा आयोजित इंटर सेक्टर फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को क्षेत्रक मुख्यालय,सशस्त्र सीमा बल लखीमपुर खीरी एवं क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल गोरखपुर के मध्य प्रथम मैच खेला गया। कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल भिनगा के मार्गदर्शन में आयोजित इस मुकाबले में दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं टीम समन्वय का परिचय दिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने तेज़ आक्रमण सटीक पासिंग तथा शानदार रक्षण का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल लखीमपुर खीरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल गोरखपुर को 4–1 से पराजित कर विजय हासिल किया।
मैच के दौरान उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।इस अवसर पर कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएँ जवानों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आगामी मैचों के लिए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।


