फर्जी आरसी से बाइक खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 20 बाइक बरामद
सहारनपुर में अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह पास फर्जी दस्तावेज और पहचान बदलने की मशीनों का उपयोग कर चोरी की बाइकों को काशीपुर के जंगल में छिपाने के साथ ही उन्हें बेचा करने की योजना बना रहा था।

सहारनपुर। अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह ने चोरी की बाइकों को ठिकाने लगाने के लिए बाकायदा फर्जी दस्तावेज और पहचान बदलने का नेटवर्क तैयार कर रखा था। पुलिस ने काशीपुर के जंगल में घेराबंदी कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की 20 बाइक, सात फर्जी नंबर प्लेट, चार फर्जी आरसी और चेसिस-इंजन नंबर बदलने वाली डाई मशीन बरामद की है। बरामद बाइकों में कई जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों से संबंधित बताई गई हैं। पुलिस लाइन में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर काशीपुर गांव के जंगल में चेकिंग अभियान चलाया गया था। इसी दौरान पुलिस ने भाबसी रायपुर निवासी अनूप उर्फ काला, बादल उर्फ काकुल और अंकुल उर्फ वंशु को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका पांच सदस्यों का गिरोह है। गिरोह के सदस्य विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी करने के बाद उन्हें काशीपुर स्थित आम के बाग में बने खाली मकान में छिपाकर रखते थे। इसके बाद जनसेवा केंद्रों से वाहनों की आरसी निकलवाकर ऑनलाइन एप के माध्यम से फर्जी आरसी तैयार कराई जाती थी। पुलिस के अनुसार गिरोह का एक सदस्य डाई मशीन की मदद से चोरी की बाइकों के चेसिस और इंजन नंबर बदलता था। इसके बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहनों को बेचने की तैयारी की जाती थी। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों, चोरी की अन्य बाइकों और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है。
आपराधिक रिकॉर्ड ने खोली गिरोह की परतें
सहारनपुर, वरिष्ठ संवाददाता।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अनूप उर्फ काला का आपराधिक रिकॉर्ड सबसे लंबा है। उसके खिलाफ नानौता के अलावा थाना भवन, देवबंद, तीतरों समेत अन्य थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, पॉक्सो और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कुल 33 मुकदमें दर्ज हैं।
बादल उर्फ काकुल के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं, जबकि अंकुल उर्फ वंशु उर्फ वनराज पर भी पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ के आधार पर गिरोह में शामिल अन्य दो सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। बरामद 20 बाइकों में कई के संबंध में जिले के अलग-अलग थानों में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस अब वाहनों के वास्तविक मालिकों और मुकदमों की जानकारी का मिलान कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने अब तक कितने वाहनों की पहचान बदलकर उन्हें बेच दिया। फर्जी आरसी और नंबर प्लेट तैयार कराने वाले नेटवर्क की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
डाई मशीन से बदलते थे पहचान
-गिरोह चोरी की बाइकों को सीधे बेचने के बजाय उनकी पहचान बदलने की तैयारी करता था। पुलिस के अनुसार डाई मशीन से चेसिस और इंजन नंबर में बदलाव किया जाता था। इसके बाद फर्जी नंबर प्लेट और आरसी के जरिए बाइक को नया रूप देकर बेचने की योजना थी।
बाग के खाली मकान में बनाते थे गोदाम
-पुलिस के अनुसार चोरी की बाइकों को तत्काल बेचने के बजाय काशीपुर स्थित आम के बाग में बने एक खाली मकान में छिपाया जाता था। यहीं से वाहनों के दस्तावेज और नंबर बदलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती थी। पुलिस अब इस ठिकाने और नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।

