25 हजार का इनामी महिला गैंगस्टर गिरफ्तार
आजमगढ़ में दयालपुर मोड़ के पास पुलिस ने 25 हजार के इनामी अंतर्जनपदीय महिला गैंगस्टर सबीना को गिरफ्तार किया। वह पूजा-पाठ के बहाने लोगों के घरों में जेवर चुराने का काम करती थी। उसके खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर में चोरी और ठगी के 5 मामले दर्ज हैं।

आजमगढ़, संवाददाता। गंभीरपुर थाना की पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र के दयालपुर मोड़ के पास 25 हजार के इनामी अंतर्जनपदीय महिला गैंगस्टर को पकड़ा है। वह पूजा-पाठ के बहाने गिरोह के साथ मिलकर लोगों के घर में घुस कर जेवर की ठगी करती थी। उसके विरुद्ध आजमगढ़ और जौनपुर जनपद में चोरी, ठगी के पांच मुकदमें दर्ज हैं। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सरायपल्टू गांव मे एक साल पूर्व तीन महिलाओं ने घर में घुस कर जेवर की ठगी कर फरार हो गई थी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। विवेचना के दौरान सबीना पत्नी राजू उर्फ नेता निवासी ब्राह्मणपुर झमका थाना केराकत जनपद जौनपुर निवासिनी का नाम प्रकाश में आया।
वह अपने साथियों के साथ मिल कर अपराधिक वारदात को अंजाम दे रही थी। सबीना के गिरोह पर पुलिस ने पूर्व में गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रही थी। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सात सितंबर को सबीना की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सोमवार को आरोपी महिला सबीना को आजमगढ़-मोहम्मदपुर मार्ग पर दयालपुर मोड़ से गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध आजमगढ़ में चार और जौनपुर जनपद में एक मुकदमा दर्ज हैं।


