युवाओं के संकल्प और सेवा भाव से बनेगा विकसित भारत : कुलपति
बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। 72 प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कुलपति ने कहा कि युवा पीढ़ी की ऊर्जा से 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा। कुशाग्र सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बलरामपुर, संवाददाता। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत अंतर-महाविद्यालयीय भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें देवीपाटन मंडल के 15 महाविद्यालयों से पहुंचे 72 प्रतिभागियों ने सेवा, युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत की संकल्पना पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने प्रभावी वक्तृत्व के जरिए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने कहा कि 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक विकसित भारत का सपना आज की युवा पीढ़ी की ऊर्जा, प्रतिभा व संकल्प से साकार होगा। उन्होंने कहा कि भारत विश्व के सर्वाधिक युवा आबादी वाले देशों में शामिल है।
ऐसे में युवाओं के सपनों के भारत व राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर गंभीर चिंतन जरूरी है। सेवा भाव भारतीय संस्कृति की प्रमुख विशेषता है और इसी भावना से देश ने कई असंभव कार्यों को संभव बनाया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास, विचार क्षमता और सामाजिक जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में एमएलके पीजी कॉलेज के बीएड विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सिंह, विश्वविद्यालय के पूर्व डीन एवं आईक्यूएसी सेल के अंतरिम निदेशक डॉ. बीपी सिंह तथा महामना राजकीय महाविद्यालय, श्रावस्ती के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार गुप्त शामिल रहे। देवीपाटन मंडल के उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. पवन कुमार मौर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मूल्यांकन के बाद माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुशाग्र सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा की प्रीति देवी राव द्वितीय, किसान पीजी कॉलेज, बहराइच की अवंतिका मिश्रा तृतीय, एएनडी पीजी कॉलेज, बभनान की मानसी चतुर्थ तथा महिला महाविद्यालय, बहराइच की रोहिनी शुक्ला पंचम स्थान पर रहीं। चयनित प्रतिभागियों में से तीन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

