कबड्डी के पुरुष वर्ग में में टीएनबी और जेपी कॉलेज ने दर्ज की जीत
एसएसवी कॉलेज कहलगांव में अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू महिला वर्ग में एसएम कॉलेज और

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में अंतर महाविद्यालय कबड्डी (पुरुष एवं महिला वर्ग) प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ शुक्रवार को शंकर साह विक्रमशिला महाविद्यालय, कहलगांव की मेजबानी में हुआ। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव डॉ. संजय कुमार जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह को ऑब्जर्वर, डॉ. कंचन प्रसाद को महिला वर्ग तथा और आशीष मिश्रा को पुरुष वर्ग का सेलेक्टर नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता की शुरुआत राष्ट्रगीत, विश्वविद्यालय कुलगीत एवं राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने अतिथियों के साथ फीता काटकर एवं पूजन कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। प्राचार्य और विश्वविद्यालय क्रीड़ा सचिव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
पुरुष वर्ग के मुकाबले
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में टीएनबी कॉलेज ने बीएन कॉलेज को 36-20 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में जेपी कॉलेज, नारायणपुर ने मुरारका कॉलेज, सुल्तानगंज को 25-18 से हराया। वहीं महिला वर्ग में मुरारका कॉलेज ने मारवाड़ी कॉलेज को 27-20 से तथा एसएम कॉलेज ने सबौर कॉलेज को 26-20 से पराजित कर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के शेष मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 4 अक्टूबर को होगा।


