महिला में सीएसजेएमयू तो पुरुष में वीएसएसडी विजयी
कानपुर में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की दो दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का समापन हुआ। महिला वर्ग में सीएसजेएमयू ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पुरुष वर्ग में वीएसएसडी कॉलेज जीत गया। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और चयनित खिलाड़ियों को नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैयार किया गया।

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित डीएवी ट्रेनिंग कॉलेज में समाप्त हुई। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 11 कॉलेज के 49 और महिला वर्ग में 11 कॉलेज की 44 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में सीएसजेएमयू ने सात अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। जागरण कॉलेज ने छह अंक के साथ दूसरा और बीएनडी कॉलेज ने पांच अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में वीएसएसडी कॉलेज की टीम सात अंक के साथ विजेता बनी। सीएसजेएमयू छह अंक के साथ दूसरे और पीपीएन डिग्री कॉलेज पांच अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह में डीएवी ट्रेनिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. श्रीकृष्ण पटेल व सीएसजेएमयू के क्रीड़ा विभाग के डॉ. प्रभाकर पांडेय ने विजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सीएसजेएमयू की टीम को नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के बाद दोनों वर्गों से 10-10 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से चयनित खिलाड़ियों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। महिला वर्ग की चयनित खिलाड़ी 26 से 29 अक्तूबर के बीच सीएसजेएमयू में होने वाली नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं पुरुष वर्ग की टीम 15 से 18 नवंबर के बीच एमिटी यूनिवर्सिटी गुरुग्राम (हरियाणा) में होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।


