परिवहन विभाग ने कसा शिकंजा, 52 वाहनों के चालान
रुद्रपुर में परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ तीन दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया। 52 वाहनों के चालान किए गए और 15 वाहन सीज किए गए। कई चालकों को बिना लाइसेंस और क्षमता से अधिक भार ले जाने के कारण कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
रुद्रपुर, संवाददाता। सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने तीन दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी के निर्देशन में एआरटीओ रुद्रपुर नवीन सिंह की अगुवाई में टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 52 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर 15 वाहन सीज किए गए। जांच में छह चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले। क्षमता से अधिक भार ले जाने पर आठ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
फिटनेस, परमिट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी आठ चालान किए गए। कृषि वाहनों और दोपहिया वाहनों से संबंधित दो मामलों में भी कार्रवाई हुई। एआरटीओ नवीन सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने की अपील की।


