किऊल स्टेशन पर बेटिकट 388 यात्री धराए, 3.65 लाख जुर्माना वसूला
लखीसराय में दानापुर मंडल द्वारा संचालित टिकट जांच अभियान में 388 यात्री पकड़े गए। इस दौरान रेलवे को ₹3,65,640 का राजस्व प्राप्त हुआ। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यात्रियों को उचित टिकट प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने से रोकने के उद्देश्य से दानापुर मंडल द्वारा दानापुर-किऊल रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार और गुरुवार को ‘लाल गाड़ी’ के माध्यम से विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बिना उचित टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विशेष टिकट जांच अभियान में कुल 388 अनधिकृत एवं अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया। जांच के दौरान पकड़े गए यात्रियों से रेलवे के नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई से रेल राजस्व के रूप में कुल 3,65,640 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि किऊल स्टेशन सहित दानापुर-किऊल सेक्शन के विभिन्न स्टेशनों पर आने वाले दिनों में भी टिकट जांच अभियान जारी रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि स्टेशन परिसर में प्रवेश करने और ट्रेन में सवार होने से पहले अपने गंतव्य तक का उचित एवं वैध टिकट अवश्य प्राप्त कर लें। बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करना रेलवे नियमों का उल्लंघन है और ऐसे यात्रियों के खिलाफ जुर्माने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों ने यात्रियों से यह भी अपील की कि वे यात्रा के दौरान अपना टिकट सुरक्षित रखें और जांच के समय मांगने पर टिकट प्रस्तुत करें। रेलवे की इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना और रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। किऊल स्टेशन पर लगातार चल रहे इस तरह के अभियान से बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।


