जिला अस्पताल की ओपीडी 1500 पार, बुखार-दस्त के मरीज बढ़े
भीषण गर्मी के कारण जिला अस्पताल में OPD में मरीजों की संख्या 1500 के पार पहुंच गई। डॉक्टरों के मुताबिक, लोगों में बुखार और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। विशेष रूप से बच्चों में बुखार के साथ दस्त की समस्या देखी जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने गर्मी से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या 1500 के पार पहुंच गई। अस्पताल में सुबह से ही पर्चा काउंटर और विभिन्न विभागों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दोपहर दो बजे तक ओपीडी में मरीज दवाई लेने के लिए लाइन में रहे। जिला अस्पताल के फिजिशियन चिकित्सक डॉ. उमंग सिंघल ने बताया कि इन दिनों सबसे अधिक मरीज बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। मौसम में लगातार गर्मी और उमस के कारण वायरल संक्रमण के मामले भी बढ़ रहे हैं।वहीं,
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गरिमा अग्रवाल ने बताया कि बच्चों में बुखार के साथ दस्त की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाने, स्वच्छ भोजन कराने और धूप से बचाने की सलाह दी है।चिकित्सकों का कहना है कि तेज गर्मी और उमस के चलते स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में लोगों को धूप में अनावश्यक निकलने से बचना चाहिए, पर्याप्त पानी पीना चाहिए और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।


