किसानों को खेती के लिए मिलेगा अनुदान, ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी
मैनपुरी। जनपद के किसानों के लिए उद्यान विभाग के अधीन संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास मिशन योजना व अनुसूचित ज

जनपद के किसानों के लिए उद्यान विभाग के अधीन संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास मिशन योजना व अनुसूचित जाति, जनजाति कृषकों के लिए औद्यानिका विकास योजना के तहत लक्ष्य प्राप्त हो चुके हैं। इन योजनाओं के तहत सब्जी, मसाला, फूल और अन्य फसलों की खेती के साथ सिंचाई व्यवस्था और खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगाने पर किसानों को सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है। खीरा, लौकी, तोरई, टमाटर, पत्तागोभी, शिमला मिर्च और मशरूम की खेती करने वाले किसानों को योजना के अनुसार सहायता दी जाएगी। इसके अलावा लहसुन, प्याज, मिर्च और धनिया की खेती तथा गुलाब, गेंदा और ग्लेडियोलस जैसे फूलों की खेती के लिए भी अनुदान का प्रावधान है।
इच्छुक किसान dbt.uphorticulture.in पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ माइक्रो इरिगेशन योजना भी है। इसके तहत खेत में ड्रिप या मिनी स्प्रिंकलर लगाने पर 90 प्रतिशत तक अनुदान मिल सकता है। इससे कम पानी में सिंचाई होने के साथ बिजली और मजदूरी का खर्च भी कम होगा। किसान www.upmip.in पोर्टल पर स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। योजनाओं का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।


