पत्नी के इलाज का क्लेम खारिज करना बीमा कंपनी को पड़ा भारी, 3.64 लाख का जुर्माना

हिन्दुस्तान, शामली
share

हैप्पी फ्लोटर फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी होने के बावजूद बीमा कंपनी ने महिला के ऑपरेशन का कैशलेस क्लेम खारिज कर दिया। उपभोक्ता आयोग ने बीमा कंपनी को सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार का दोषी पाया। आयोग ने 3,64,195 रुपये का दंड और मानसिक क्षति के लिए अतिरिक्त मुआवज़ा दिया।

पत्नी के इलाज का क्लेम खारिज करना बीमा कंपनी को पड़ा भारी, 3.64 लाख का जुर्माना

हैप्पी फ्लोटर फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी होने के बावजूद पत्नी के ऑपरेशन का कैशलेस क्लेम खारिज करना बीमा कंपनी को भारी पड़ गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग शामली ने मामले में नीवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, नई दिल्ली के खिलाफ वाद स्वीकार करते हुए सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार का दोषी माना है। आयोग ने बीमा कंपनी पर कुल 3,64,195 रुपये का दायित्व तय किया है। ऊन क्षेत्र के गांव गागौर निवासी और वर्तमान में काकानगर शामली निवासी रविंद्र कुमार ने आयोग में परिवाद दायर किया था। उनके अनुसार उन्होंने 19 अप्रैल 2018 को हैप्पी फ्लोटर फैमिली पॉलिसी ली थी।

बाद में पॉलिसी को पोर्ट कराकर वर्ष 2023-24 में 7.50 लाख रुपये के कवर के लिए नई पॉलिसी ली गई, जिसमें रविंद्र कुमार, उनकी पत्नी अर्चना और पुत्र दीपांशु चौधरी बीमित थे। परिवाद के अनुसार अर्चना देवी को गर्भाशय संबंधी परेशानी के कारण ब्लीडिंग हो रही थी। बीमा कंपनी से अधिकृत अस्पताल के बारे में जानकारी लेने पर उन्हें मेदांता अस्पताल गुरुग्राम में उपचार कराने की सलाह दी गई। एक अगस्त 2024 को पत्नी को अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद 27 अगस्त को ऑपरेशन के लिए कैशलेस सुविधा का अनुरोध किया गया, लेकिन कथित तौर पर कंपनी ने इसे अस्वीकार कर दिया। इसके बाद 28 अगस्त को अस्पताल की ओर से 3,44,706 रुपये के उपचार खर्च के लिए दोबारा कैशलेस अप्रूवल मांगा गया। परिवादी के अनुसार अस्पताल प्रबंधन ने कैशलेस सुविधा स्वीकृत होने की जानकारी दी और बताया कि ऑपरेशन के लिए उन्हें कोई धनराशि नहीं देनी होगी। इसके बाद अर्चना देवी का ऑपरेशन कराया गया और एक सितंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई। हालांकि बाद में अस्पताल ने कैशलेस सुविधा स्वीकृत नहीं होने की जानकारी दी। इसके चलते रविंद्र कुमार ने रिश्तेदारों से रुपये उधार लेकर 3,39,414 रुपये का अस्पताल बिल जमा किया। इसके बाद चार सितंबर को उपचार का क्लेम प्रस्तुत किया गया। बीमा कंपनी ने पर्चे में माइग्रेन की बीमारी का उल्लेख होने तथा आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराने का हवाला देते हुए 11 सितंबर 2024 को क्लेम खारिज कर दिया। परिवादी ने आयोग को बताया कि उनकी पत्नी को माइग्रेन की बीमारी नहीं थी और 19 अप्रैल 2024 को कराया गया फिटनेस मेडिकल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध था। मामले की सुनवाई के बाद जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष हेमंत कुमार गुप्ता तथा सदस्य अभिनव अग्रवाल और अमरजीत कौर ने परिवाद स्वीकार कर लिया। आयोग ने बीमा कंपनी को 3,09,195 रुपये की बीमाक्लेम राशि भुगतान की तिथि तक नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित परिवादी को देने का आदेश दिया। इसके अलावा मानसिक एवं अन्य क्षति की क्षतिपूर्ति के लिए 25 हजार रुपये तथा परिवाद व्यय के रूप में पांच हजार रुपये देने के निर्देश दिए गए। आयोग ने सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार के लिए बीमा कंपनी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड की धनराशि नियमानुसार राजकोष में जमा कराई जाएगी।

Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsपत्नी के इलाज का क्लेम खारिज करना बीमा कंपनी को पड़ा भारी, 3.64 लाख का जुर्माना