ओपीडी निरीक्षण में गायब मिले सात सीनियर डॉक्टर, अब कार्रवाई की बारी
भागलपुर में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्राचार्य और अस्पताल अधीक्षक ने जब ओपीडी का निरीक्षण किया, तो सात सीनियर चिकित्सक ड्यूटी पर नहीं मिले। जूनियर डॉक्टर्स और इंटर्न मरीजों का इलाज कर रहे थे। प्राचार्य ने अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ शोकॉज करने का निर्देश दिया।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। स्वास्थ्य विभाग पटना मुख्यालय की सख्ती के बाद जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ. एचपी दुबे शनिवार को अस्पताल परिसर का औचक निरीक्षण करने लगे। दोनों पदाधिकारी सुबह 10 बजे ओपीडी का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि ओपीडी में विभिन्न विभागों के सात सीनियर चिकित्सक ड्यूटी पर पहुंचे ही नहीं। सीनियर की जगह जूनियर डॉक्टर्स, इंटर्न व एमबीबीएस छात्र मरीजों का इलाज कर रहे थे। जबकि अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर, डॉक्टर चेंबर समेत अन्य जगहों पर मरीजों की लंबी कतार लगी हुई थी。
अस्पताल के निरीक्षण का परिणाम
निरीक्षण को पहुंचे दोनों पदाधिकारियों को देखकर पूरे ओपीडी परिसर में कर्मियों व डॉक्टरों के बीच अफरातफरी मच गई। सभी कर्मी तेजी से अपने-अपने कुर्सी पर जाकर बैठ गए। प्राचार्य ने इलाज कर रहे जूनियरों डॉक्टरों से पूछा कि अबतक सीनियर डॉक्टर चेंबर में क्यों नहीं पहुंचे। जूनियर डॉक्टर इस सवाल का जवाब नहीं दे पाए। प्राचार्य ने अस्पताल अधीक्षक को सभी अनुपस्थित डॉक्टरों को शोकॉज करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मेडिसिन विभाग के डॉ. उमर फारूक, नेत्र रोग विभाग की डॉ. अर्चना कुमारी, मानसिक रोग विभाग के डॉ. कार्णिक किशोर, ईएनटी विभाग के एचओडी डॉ. धर्मेंद्र कुमार, गायनी विभाग की डॉ. अर्चना झा और चर्म रोग विभाग के डॉ. राजीव कुमार अपने-अपने चैंबर से गायब मिले। जबकि हड्डी रोग विभाग में एचओडी डॉ. मसीह आजम समेत पूरी यूनिट ओपीडी में नहीं पहुंचे थे। यहां मरीजों की जांच इंटर्न और एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र करते दिखे।
सीनियर डॉक्टरों की कमी की शिकायत
महज एक घंटे के ओपीडी में आते हैं सीनियर डॉक्टर्स : निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने जब जूनियर डॉक्टरों से पूछा कि सीनियर डॉक्टर ओपीडी में कब आते हैं। इस सवाल पर जूनियरों ने बताया कि कई सीनियर डॉक्टर 12 बजे आते हैं और एक बजे चले जाते हैं। जबकि ओपीडी का समय सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक का है। वहीं दूसरी पाली में दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से छह बजे तक का है। इधर, मरीजों ने भी सीनियर डॉक्टर्स के नहीं रहने की शिकायत की।
डॉक्टरों को नोटिस जारी करने की योजना
ड्यूटी से गायब डॉक्टरों से शोकॉज की तैयारी : जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने बताया कि अस्पताल अधीक्षक को कहा गया है कि ड्यूटी से गायब चिकित्सकों से शोकॉज किया जाए। साथ ही संबंधित विभाग के विभागाध्यक्ष से भी जवाब तलब किया जाए। विभागाध्यक्ष ही गायब डॉक्टरों को नोटिस जारी करेंगे। प्राचार्य ने कहा कि दो बार तक स्थानीय स्तर पर कार्रवाई होगी। तीसरी बार लापरवाही मिलने पर डॉक्टरों की लिखित शिकायत स्वास्थ्य विभाग से कर दी जाएगी।


