सीडीओ ने घरौंदा बाल आश्रम का औचक निरीक्षण किया
गाजियाबाद में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने घरौंदा बाल ग्रह का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की देखभाल और स्वास्थ्य की व्यवस्था का जायजा लिया। बच्चों का स्वास्थ्य नियमित रूप से परीक्षण किया जाता है और सभी को शिक्षा भी दी जा रही है। उनका पुनर्वास प्रक्रिया प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए।

गाजियाबाद, मोहित शर्मा। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने शुक्रवार को गोविंदपुरम स्थित घरौंदा बाल ग्रह (शिशु) एवं घरौंदा विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पौष्टिक आहार और सुरक्षित पुनर्वास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संस्था प्रभारी ने बताया कि बाल कल्याण समिति के आदेश पर बच्चों को आश्रय दिया जाता है, उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में सभी बच्चे स्वस्थ हैं और उनका नामांकन निकटवर्ती विद्यालयों में कराया गया है।
बच्चों का समय-समय पर चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है। निरीक्षण में संस्था की साफ-सफाई और व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। इस दौरान सीडीओ ने बच्चों से बातचीत की। बड़े बच्चे पढ़ाई करते मिले, जबकि छोटे बच्चे मनोरंजक गतिविधियों में व्यस्त थे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बच्चों के परिवारों का पता लगाया जा सकता है, उनके सुरक्षित एवं नियमानुसार पुनर्वास की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, शिक्षा और समग्र विकास सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


