बीएसए के औचक निरीक्षण में कस्तूरबा और कंपोजिट विद्यालय भूनी में मिलीं खामियां
बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और कंपोजिट विद्यालय भूनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में साफ-सफाई और अभिलेखों में खामियां मिलीं, जिससे बीएसए नाराज हुईं। उन्होंने शिक्षकों से सुधार के निर्देश दिए और लापरवाही पर स्पष्टीकरण मांगा। शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी ने शुक्रवार सुबह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और कंपोजिट विद्यालय भूनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर बीएसए ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए लापरवाही पर स्पष्टीकरण तलब किया। बीएसए आशा चौधरी सबसे पहले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहुंचीं। अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचने पर विद्यालय स्टाफ में हलचल मच गई। बीएसए ने विद्यालय परिसर, छात्रावास, रसोई, भोजन व्यवस्था और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने और कई अभिलेखों के अपूर्ण पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से नाराजगी जताई।
छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और भोजन व्यवस्था की भी उन्होंने जानकारी ली तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।इसके बाद बीएसए कंपोजिट विद्यालय भूनी पहुंचीं। यहां उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, कक्षाओं में पठन-पाठन और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित नहीं मिले। छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिली। कक्षाओं और परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर भी बीएसए ने संबंधित स्टाफ से जानकारी ली। बीएसए ने शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में समय से उपस्थित होकर नियमित रूप से पठन-पाठन कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और विद्यालय की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई रखने के साथ ही सभी जरूरी अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को बीएसए ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यालयों की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए। बीएसए के औचक निरीक्षण से बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति, साफ-सफाई और छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष निगरानी रखने के संकेत दिए हैं।


