सीएम के संभावित दौरे को लेकर डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण
डिग्री कॉलेज के उद्घाटन की तैयारियों का लिया जायजा निर्धारित समय सीमा में तैयारी

भागलपुर, प्रधान संवाददाता। 15 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने रविवार को गोराडीह प्रखंड के कासिल गांव में स्थल निरीक्षण किया। यहां नवस्थापित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन कार्यक्रम होना है। डीएम ने इस कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हेलीपैड, मुख्य कार्यक्रम स्थल, नवस्थापित डिग्री कॉलेज परिसर, मंच निर्माण, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी विषयों पर अधिकारियों से बात की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम से पूर्व सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाय।
इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्यपालक अभियंताओं और संबंधित एजेंसियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और आवश्यक संकेतक लगाने को कहा। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को वीवीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों के सुचारू संचालन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु समुचित कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, नगर पुलिस अधीक्षक, संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता तथा अन्य प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारी उपस्थित थे।


