बेगूसराय की महिला की मौत में पूर्व मुखिया की भूमिका की जांच शुरू
फॉलोअप - गोबरसही स्थित होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला था शव

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। गोबरसही स्थित होटल में रियल एस्टेट कंपनीकर्मी बेगूसराय की महिला निगम कुमारी की संदिग्ध स्थिति में मौत मामले में कथित भैंसुर पूर्व मुखिया की भूमिका की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वह घटना की रात उसी होटल में मौजूद था। निगम को लेकर होटल पहुंचा था। जांच में होटल प्रबंधन ने सीसीटीवी का फुटेज पुलिस को मुहैया नहीं कराया। होटल का सीसीटीवी खराब होने की बात पुलिस को बताई गई है। घटना के बाद खुद को भैंसुर बताने वाले पूर्व मुखिया ने पुलिस को बताया था कि मृतका भगवानपुर के होमियोपैथिक चिकित्सक से इलाज कराने आई थी।
जबकि, पति ने पुलिस को बताया है कि पत्नी भगवानपुर में किसी होमियोपैथिक चिकित्सक से इलाज कराती थी, इसकी जानकारी उनलोगों को नहीं थी। सदर थाने में गुरुवार को मामले में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने उसके पति के बयान पर आत्महत्या के लिए बाध्य किए जाने की धारा में एफआईआर की है। पति ने पुलिस को बताया कि रविवार रात 10 बजे पत्नी बेगूसराय के तेघरा थाना अंतर्गत गांव में थी। आखिर डेढ़ घंटे के अंदर वह गोबरसही स्थित होटल में कैसे आ गई और 12:30 में कैसे मौत हुई। पति ने होटल के सीसीटीवी की जांच कराने की मांग की है। होटल का कैमरा खराब होने की बात पर अब पुलिस होटल के आसपास में लगे कैमरों की जांच करा रही है।

