आउटसोर्सिंग भर्ती जांच में कंपनी की तीसरी बार भी गैरहाजिरी, अब कार्रवाई की तैयारी
कन्नौज के जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में विवादित आउटसोर्सिंग भर्ती की जांच अधूरी रह गई। कंपनी का कोई प्रतिनिधि जांच टीम के सामने पेश नहीं हुआ। सीएमओ ने कहा कि अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा और संतोषजनक जवाब न मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी पर स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की थी।

कन्नौज। जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में हुई विवादित आउटसोर्सिंग भर्ती की जांच मंगलवार को भी अधूरी रह गई। लगातार तीसरी बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद सेवा प्रदाता कंपनी का कोई प्रतिनिधि जांच टीम के सामने पेश नहीं हुआ। इसके चलते मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्र को जांच स्थगित करनी पड़ी। अब कंपनी को अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी संतोषजनक जवाब या उपस्थिति नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को सीएमओ ने जिला अस्पताल पहुंचकर सीएमएस डॉ. गोपाल नारायण द्विवेदी के साथ भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अभिलेखों और उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा की।हालांकि कंपनी के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति के कारण कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ नहीं हो सकी, जिससे जांच आगे नहीं बढ़ पाई।
गौरतलब है कि ट्रॉमा सेंटर में वार्ड बॉय समेत अन्य पदों पर आउटसोर्सिंग भर्ती नए सीएमएस के कार्यभार ग्रहण करने से ठीक पहले कराई गई थी। भर्ती की सूचना सीमित स्तर पर जारी किए जाने और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर जांच शुरू कर दी थी। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार जांच में भर्ती की सूचना जारी करने, आवेदन प्राप्त करने, अभ्यर्थियों के चयन और संबंधित अभिलेखों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो केवल सेवा प्रदाता कंपनी ही नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी। सीएमओ डॉ. विकास चंद्र ने कहा कि अंतिम नोटिस के बाद भी कंपनी का प्रतिनिधि उपस्थित नहीं होता है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले सभी पक्षों के विरुद्ध आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


