तिगरी गंगा मेले में टैंट सिटी का होगा निर्माण
अमरोहा। तिगरी गंगा मेले में इस बार भी श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए बेहतर और

तिगरी गंगा मेले में इस बार भी श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए बेहतर और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। मेला स्थल पर टैंट सिटी बसाई जाएगी, जिसमें स्विस, लग्जरी काॅटेज बनाए जाएंगे। यहां ठहरने वाले श्रद्धालुओं को फूड कोर्ट, टीवी, इंटरनेट, मोबाइल चार्जिंग के साथ इंडियन और इंग्लिश टायलेट की सुविधा भी मिलेगी। टैंट सिटी के लिए अलग-अलग सेक्टर निर्धारित किए जाएंगे। प्रशासन एक से चार दिन तक ठहरने के लिए शुल्क निर्धारित करने की तैयारी में है। यह सुविधा कुंभ की तर्ज पर प्रदान की जाएगी। कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले तिगरी गंगा मेला क्षेत्र को 22 सेक्टर में बांटा जाएगा।
प्रत्येक सेक्टर में चौकी व टावर बनाए जाएंगे। मेला को स्वच्छ, सुरक्षित, भव्य और आकर्षण का केंद्र बनाने के निर्देश दिए हैं। 25 अस्थाई घाटों का निर्माण जिला पंचायत द्वारा कराया जाएगा। गंगा तिगरी मेला पश्चिमी उत्तर प्रदेश का वृहद मेला है। पिछले वर्ष लगभग 30 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। इस वर्ष मेले में 35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। गंगा मेले में मुख्य रूप से तीन प्रकार के श्रद्धालु आते हैं। इनकी जरूरतों को देखते हुए ही तट पर वैसी व्यवस्था की जाएगी।एक बड़ा वर्ग यहां पर गंगा स्नान की श्रद्धा के साथ ही मस्ती और आनंद के लिए आता है, जो लगभग एक सप्ताह पहले ही आ जाता है और मुख्य स्नान के कई दिन बाद तक रहता है। यह लंबे क्षेत्र में अपने तंबू लगाते हैं। ऐसे में गंगा तट पर तंबुओं का बड़ा शहर बस जाते हैं। यहां पर खाना बनाने से लेकर मनोरंजन तक के सभी साधन उपलब्ध रहते हैं। इसमें ज्यादातर युवा वर्ग होता है। दूसरा वर्ग गंगा की श्रद्धा के चलते आता है। यह गंगा स्नान से पहले दिन आ जाते हैं और मुख्य स्नान में भाग लेने के बाद अगले दिन लौट जाते हैं। यह न तो अपने साथ टैंट-तंबू लेकर आते हैं और न ही गंगा तट पर इनके ठहरने की कोई सही व्यवस्था होती है। तीसरा वर्ग भी गंगा मेले में आता है। यह देश के कई प्रांतों से आने के साथ ही विदेश से भी आते हैं। इनको अपने दिवंगत स्वजन का दीपदान करना होता है। यह दीपदान से पहले दिन दिन आते हैं और दीपदान करने के बाद गंगा स्नान करने से पहले ही लौट जाते हैं। प्रशासन द्वारा टैंट सिटी दूसरे दोनों वर्ग के श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर बसाया जाए। यह अपने साथ परिवार के सदस्यों काे लाते हैं, लेकिन ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं होती है। इनको मेले में सुसज्जित व मूलभूत सुविधाओं से पूर्ण टैंट आवास मिलेगा।

