बाल सुधार गृह में होगा स्काउट-गाइड दल का संचालन : सीडीओ
देवरिया में भारत स्काउट एवं गाइड की बैठक हुई, जिसमें सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने स्काउट-गाइड दल के पंजीकरण पर जोर दिया। सभी विद्यालयों में गतिविधियों का संचालन करने की जिम्मेदारी दी गई। स्काउट-गाइड संगठन में अनुशासन, स्वावलंबन और सेवा की भावना विकसित करने पर चर्चा की गई।

देवरिया, निज संवाददाता। भारत स्काउट एवं गाइड के जिला कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में हुई। इसमें सीडीओ व जिला मुख्यायुक्त राजेश कुमार सिंह ने कहा कि नवाचार के रूप में बाल सुधार गृह में भी स्काउट-गाइड दल का पंजीकरण कर नियमित गतिविधियों का संचालन कराया जाएगा। साथ ही सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी युवा संगठन है, जो प्राथमिक से लेकर महाविद्यालय स्तर तक के विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वावलंबन, सेवा भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करता है।
डीआईओएस हरिश्चंद्र नाथ ने कहा कि जनपद के सभी राजकीय, सहायता व मान्यता प्राप्त तथा सीबीएसई विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों का संचालन कराया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी वार्षिक कैलेंडर में भी स्काउट-गाइड कार्यक्रमों के संचालन के निर्देश दिए गए हैं।बीएसए डॉ. रामजीयावन मौर्य ने कहा कि बेसिक विद्यालयों में स्काउट-गाइड कार्यक्रमों के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला संस्था, जिला स्काउट मास्टर एवं ब्लॉक स्काउट मास्टरों से समन्वय स्थापित कर सभी विद्यालयों में नियमित गतिविधियां संचालित कराने पर बल दिया। जिला सचिव आशुतोष कुमार शाह ने जनपद संस्था की नियमावली, उपलब्धियों एवं कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। जिला कमिश्नर स्काउट कैप्टन डॉ. हरिकेश सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि जिला कमिश्नर गाइड गीता कुमारी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला कमिश्नर बुलबुल चंद्रप्रभा सिंह, जिला कमिश्नर एडल्ट रिसोर्स गाइड डॉ. सीमा पाठक, बीईओ सत्य प्रकाश कुशवाहा, अर्चना तिवारी, शैलेंद्र कुमार सैनी, कैप्टन संतोष चौरसिया, कीर्ति गुप्ता, रश्मि उपाध्याय, हेमा त्रिपाठी, नलिनी सिंह, विकास चंद्र तिवारी आदि उपस्थित रहे।


