मुस्लिम चौकी प्रभारी ने अपने खर्च से कांवड़ मार्ग पर कराई लाइट की व्यवस्था
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए दढ़ियाल पुलिस चौकी प्रभारी मोहम्मद असलम ने अनूठी पहल की है। अलीगढ़ मार्ग पर 2 किमी. क्षेत्र में जेनरेटर से प्रकाश व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अंधेरे में होने वाली समस्याओं को कम करने के उद्देश्य से की गई है।

रहरा, संवाददाता। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुगम बनाने के लिए थाना आदमपुर क्षेत्र की दढ़ियाल पुलिस चौकी प्रभारी दारोगा मोहम्मद असलम ने अनूठी पहल की है। उन्होंने अलीगढ़ मार्ग पर चचौरा बिजलीघर से दढ़ियाल चौराहे तक करीब दो किमी. मार्ग पर जेनरेटर के माध्यम से प्रकाश की व्यवस्था कराई है।बताया जा रहा है कि उक्त क्षेत्र दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। प्रकाश व्यवस्था होने से हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ यात्रियों को रात्रि के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। चौकी प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि यह व्यवस्था उन्होंने अपने निजी खर्च से कराई है।
उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अंधेरे के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना या परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है। गौरतलब है कि अलीगढ़ मार्ग से होकर संभल, गंवा, अनूपशहर से लेकर अलीगढ़ आदि स्थानों के शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटते हैं। यात्रा मार्ग पर अंधेरा होने की वजह से कई बार खासी दुश्वारी होती है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं।


