खेती में नए प्रयोगों की झलक, ड्रोन से लेकर मखाना उत्पाद तक दिखा नवाचार
खेती में नए प्रयोगों की झलक, ड्रोन से लेकर मखाना उत्पाद तक दिखा नवाचार खेती में नए प्रयोगों की झलक, ड्रोन से लेकर मखाना उत्पाद तक दिखा नवाचारखेती में

कटिहार, वरीय संवाददाता। हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय परिसर में बुधवार को आयोजित ‘सेवा के रंग, आभार एवं संकल्प के संग’ कार्यक्रम में कृषि विभाग का स्टॉल किसानों के बदलते कृषि तौर-तरीकों और नवाचारों की झलक दिखाने वाला प्रमुख केंद्र बना। स्टॉल पर जैविक खेती, फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, एफपीओ आधारित मूल्यवर्धन और किसानों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। खास तौर पर ड्रोन से फसल पर कृषि इनपुट के छिड़काव का लाइव प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। जिला कृषि कार्यालय की ओर से लगाए गए स्टॉल में जिले के किसानों द्वारा तैयार किए जा रहे अलग-अलग कृषि उत्पादों को जगह दी गई। किसान अनिल सिंह की ओर से उत्पादित नेंनुआ, लौकी, बैंगन, बोरो, ओल और करैला जैसी जैविक सब्जियों ने लोगों का ध्यान खींचा। जैविक खेती में इस्तेमाल होने वाले वर्मी कम्पोस्ट, वर्मी वॉश और जीवामृत भी प्रदर्शित किए गए। इससे खेती में रासायनिक आदानों के संतुलित उपयोग और जैविक विकल्पों की संभावनाओं को सामने रखा गया。
फल और फूल की खेती में भी बढ़ रहा दायरा
किसान अंजित मंडल की ओर से उत्पादित ड्रैगन फ्रूट और मौसंबी के साथ विभिन्न फलदार पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं किसान कलिदास बनर्जी की ओर से तैयार की गई आम की विशेष किस्म ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। उनके स्टॉल पर विभिन्न प्रकार के फूलों वाली फसलों के अलावा रक्त चंदन और रुद्राक्ष के पौधे भी प्रदर्शित किए गए। इन उत्पादों के जरिए जिले में पारंपरिक फसलों के साथ बागवानी और विविध कृषि गतिविधियों की संभावनाएं भी सामने आईं।
गोबर और फूल से बने उत्पाद भी स्टॉल पर
कृषि उत्पादों को केवल खेत से बाजार तक पहुंचाने के बजाय उनका मूल्य बढ़ाने की दिशा में भी किसानों और एफपीओ की पहल दिखाई गई। एफपीओ की ओर से फूलों और गोबर से तैयार धूप व अगरबत्ती जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए गए। वहीं खअळअ ाढड२ और कृषक समूहों की ओर से तैयार मखाना ठेकुआ और मखाना जलेबी भी स्टॉल के खास आकर्षण रहे। इससे स्थानीय कृषि उत्पादों को प्रसंस्कृत कर बाजार योग्य बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की झलक मिली।
चार किसानों को मिला मृदा स्वास्थ्य कार्ड
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के स्टॉल पर मौजूद प्रगतिशील किसानों रविशंकर सरवाने, अंजित मंडल, कलिदास बनर्जी और अनिल सिंह को कटिहार के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किया। प्रभारी मंत्री ने किसानों से कार्ड में उपलब्ध मृदा संबंधी जानकारी के आधार पर फसल और मिट्टी की जरूरत के अनुसार उर्वरकों व कृषि आदानों का संतुलित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने मृदा परीक्षण को बेहतर और टिकाऊ कृषि के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अतिथियों ने ली कृषि गतिविधियों की जानकारी
प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद निशा देवी और महापौर उषा देवी अग्रवाल ने कृषि विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों के उत्पाद, जैविक कृषि सामग्री, फलदार पौधों और एफपीओ द्वारा तैयार मूल्यवर्धित उत्पादों की जानकारी ली तथा किसानों के प्रयासों को देखा।
ड्रोन से खेतों में छिड़काव का प्रदर्शन
आधुनिक कृषि तकनीक को लेकर स्टॉल पर ड्रोन से फसल पर कृषि इनपुट के छिड़काव का लाइव प्रदर्शन किया गया। ड्रोन के जरिए छिड़काव की प्रक्रिया ने किसानों और आगंतुकों की खास रुचि जगाई। कृषि विभाग की ओर से किसानों को उत्पादन बढ़ाने के साथ तकनीक के इस्तेमाल और कृषि कार्यों को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी प्रेरित किया जा रहा है।
उत्पादन से बाजार तक जोड़ने पर जोर
कृषि विभाग की इस पहल में खेती का दायरा खेत में उत्पादन से आगे बढ़ाकर मूल्यवर्धन और बाजार से जुड़ाव तक दिखा। जैविक सब्जियां, फल, फूल, मखाना उत्पाद, धूप-अगरबत्ती और आधुनिक तकनीक के प्रदर्शन के जरिए यह संदेश दिया गया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण, मूल्यवर्धन, एफपीओ और आधुनिक कृषि तकनीक अहम कड़ी बन सकते हैं। कार्यक्रम में प्रदर्शित गतिविधियों ने जिले में खेती के पारंपरिक स्वरूप के साथ नए प्रयोगों की बढ़ती तस्वीर भी सामने रखी।

