बाल विज्ञान महोत्सव में 120 बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा
उत्तराखंड के बागेश्वर में जिला स्तरीय पंचम सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव आयोजित किया गया। 120 बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि हरिमोहन ऐठानी ने विज्ञान, गणित और साइबर सुरक्षा पर चर्चा की। प्रतियोगिता में विभिन्न विधाओं में छात्रों ने अपने कौशल दिखाए। 40 उत्कृष्ट प्रतिभागी राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
बागेश्वर, संवाददाता। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में पीएमश्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय पंचम सीमांत पर्वतीय जिला बाल विज्ञान महोत्सव आयोजित किया गया। इसमें बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट विकासखंड के दुर्गम क्षेत्रों से पहुंचे 120 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि गणित विषय में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय रिकॉर्ड से सम्मानित हरिमोहन ऐठानी ने विद्यार्थियों को गणित, विज्ञान और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बनाए रखने और तकनीक का सुरक्षित एवं रचनात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।संयोजक दीप चंद्र जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता पांच विधाओं हिंदी व क्षेत्रीय भाषा कविता पाठ, अंग्रेजी कविता पाठ, विज्ञान मॉडल, विज्ञान नाटक और विज्ञान क्विज में हुई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 प्रतिभागी अक्टूबर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। हिंदी व क्षेत्रीय भाषा कविता पाठ के जूनियर वर्ग में तनुजा, मयंक पांडे और शुभम बसेड़ा तथा सीनियर वर्ग में सरिता गढ़िया, सुवर्णा जोशी और दक्षेस उपाध्याय ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी कविता पाठ के जूनियर वर्ग में रिया, दृश्या कोहली और सांन्वी फर्स्वाण तथा सीनियर वर्ग में चांदनी गढ़िया, चेतना आर्या और लीलावती क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं। विज्ञान मॉडल के जूनियर वर्ग में अखिलेश पांडे, दृश्या कोहली और वरुण पांडे तथा सीनियर वर्ग में लोकेश देवराड़ी, हिमांशु कुमार और साक्षी गोस्वामी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। विज्ञान नाटक के जूनियर वर्ग में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंतक्वैराली, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उतरौड़ा और राजकीय इंटर कॉलेज सिरकोट तथा सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज कपकोट, राजकीय इंटर कॉलेज बंतोली और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बागेश्वर क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। क्विज के जूनियर वर्ग में बागेश्वर, कपकोट और गरुड़ विकासखंड तथा सीनियर वर्ग में बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।


