नाबालिग की खुदकुशी के पांच साल बाद भी से चार्जशीट दाखिल नहीं
पांच दिसंबर 2020 को मृतका के पिता ने नगर थाने में दर्ज करायी थी प्राथमिकीबेगूसराय, निज प्रतिनिधि। रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बाल सुधार गृह में एक नाबालिग की मौत के साढ़े पांच साल बीत गये। लेकिन नगर...

बेगूसराय, निज प्रतिनिधि। रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बाल सुधार गृह में एक नाबालिग की मौत के साढ़े पांच साल बीत गये। लेकिन नगर थाने की पुलिस के द्वारा अबतक कोर्ट में चार्जशीट तक दाखिल नहीं किया गया। जबकि मृतक नाबालिग के पिता शेखपुरा जिला के बरबीघा थाना के भाउर गांव निवासी राजीव कुमार सिंह ने पांच दिसंबर 2020 को नगर थाने (तब रतनपुर ओपी) में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इसमें पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 306 व 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया था। इसमें रतनपुर बालिका सुधार गृह की डॉ. अनुजा कुमारी व शेखपुरा बाल सुधार गृह के शशिवाला भदानी को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। विधि विशेषज्ञ के अनुसार धारा 306 में 10 साल की सजा का प्रावधान है। मृतका के पिता राजीव सिंह न्याय के लिए पुलिस के दरवाजे से लेकर कोर्ट का चक्कर लगाने के विवश हैं। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना तो लाजिमी है।
मौत की वजह
एक दिसंबर मृतका के पिता राजीव कुमार सिंह ने बताया कि उनकी 17 वर्षीया पुत्री 16 सितंबर 2020 को किसी के बहकावे में आकर घर से रुपये लेकर चली गयी थी। उसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पुत्री पटना जकनपुर थाने में है। वहां पुलिस के द्वारा मेरी बड़ी पुत्री को सौंप दिया गया। उसके बाद उसकी पुत्री दूसरी बार भी चली गयी। तब उसे पटना बाल सुधार में रखा गया। वहां से उसे शेखपुर बाल सुधार गृह भेजा गया। पिता का आरोप है कि वहां उसकी पुत्री के साथ शारीरिक व मानसिक शोषण होता था। उसके बाद शेखपुरा से मेरी पुत्री को बेगूसराय के रतनपुर स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया। पिता का आरोप है कि उसकी पुत्री के साथ रतनपुर में भी शारीरिक व मानसिक शोषण किया गया।
संदेहास्पद परिस्थिति में मौत
चार दिसंबर को मोबाइल से जानकारी दी गयी कि मेरी पुत्री का शव सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखा हुआ है। उसके गले में फांसी का फंदा का निशान पाया गया। प्राथमिकी में मृतका के पिता का आरोप है कि शेखपुर बाल सुधार गृह व बेगूसराय बालिका सुधार गृह रतनपुर के सुपरिटेंडेंट के द्वारा मेरी पुत्री के साथ शारीरिक व मानसिक शोषण किया गया। इससे उसकी पुत्री ने खुदकुशी कर ली। थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु के अनुसार मामला पांच साल पुराना है। पुलिस अनुसंधानकर्ता को आगे की कार्रवाई के लिए निर्देश दिया गया। रिपोर्टर:मनोज सहनी


