कुआ पुल की मरम्मती कार्य जल्द करने का मंत्री ने दिया निर्देश
कहलगांव में पथ निर्माण मंत्री ईं. कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में राष्ट्रीय उच्च पथ परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। भागलपुर जिले में कुआ पुल की मरम्मती पर विशेष ध्यान दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। पथ निर्माण मंत्री ईं. कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में राष्ट्रीय उच्च पथ परियोजनाओं एवं सड़कों के अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्यभर में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान भागलपुर जिले के कहलगांव के पास कुआ पुल की मरम्मती कार्य की विशेष रूप से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मंत्री को पुल की वर्तमान स्थिति और चल रहे कार्यों की जानकारी दी। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कुआ पुल की मरम्मती कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि आमलोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश ने बताया कि कुआ पुल की मरम्मती कार्य को जल्द शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


