ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशसोशल मीडिया पर कंपनियों की जानकारी लीक होने की जांच होगी: सेबी

सोशल मीडिया पर कंपनियों की जानकारी लीक होने की जांच होगी: सेबी

सोशल मीडिया पर सूचीबद्ध कंपनियों की महत्वपूर्ण वित्तीय जानकारियां लीक होने पर पूंजी बाजार नियामक ‘सेबी’ ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते उसने जांच कराने का फैसला किया...

सोशल मीडिया पर कंपनियों की जानकारी लीक होने की जांच होगी: सेबी
मुंबई, एजेंसी Wed, 13 Dec 2017 08:55 AM
ऐप पर पढ़ें

सोशल मीडिया पर सूचीबद्ध कंपनियों की महत्वपूर्ण वित्तीय जानकारियां लीक होने पर पूंजी बाजार नियामक ‘सेबी’ ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते उसने जांच कराने का फैसला किया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास ऐसी शिकायतें पहुंची हैं कि कंपनियों की तरफ से आधिकारिक तौर पर जानकारी को सार्वजनिक किए जाने से पहले ही कुछ सोशल मीडिया समूहों के बीच महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक कर दी जाती हैं। ‘सेबी’ के चेयरमैन अजय त्यागी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि नियामक के संज्ञान में इस तरह की बातें आई हैं। नियामक को पता चला है कि कई प्रमुख कंपनियों के शेयर मूल्यों को प्रभावित करने वाली संवेदनशील जानकारी को आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए जाने से पहले ही कुछ समूहों के बीच पहुंचा दिया जाता है। अजय त्यागी ने यहां निवेश बैंकिंग सम्मेलन के मौके पर अलग से बातचीत में कहा, ‘हम इस तरह के (व्हाट्सएप लीक्स) मामलों को काफी गंभीरता से ले रहे हैं।  इस तरह की संवेदनशील वित्तीय जानकारी को किस प्रकार उनकी औपचारिक घोषणा से कुछ समय पहले बाहर पहुंचा दिया जाता है, इस मुद्दे पर हम चुपचाप बैठने वाले नहीं हैं।’ 

व्हाट्स एप पर पहले ही जानकारी लीक हो रही : 

एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि सेबी और शेयर बाजार दो दर्जन से ज्यादा कंपनी शेयरों में किए गए सौदों की जांच कर रहे हैं। यह जांच कथित तौर पर अहम वित्तीय जानकारी को लीक करने के मामले से जुड़ी है। माना जा रहा है कि यह जानकारी व्हाट्स एप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए लीक की जाती है। 

फोन रिकॉर्ड की जानकारी भी मांगी : 

सेबी ने इस संबंध में सबंधित व्यक्तियों की कॉल रिकार्ड की भी जानकारी मांगी है।  इनमें कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में होने वाली खरीद-फरोख्त भी शामिल है। नियामक के पास फोनकॉल का रिकॉर्ड तलब करने का अधिकार है। वह दूरसंचार कंपनियों से इस प्रकार का ब्योरा हासिल कर सकता है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें