टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में हादसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर
गोलमुरी स्थित टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में शुक्रवार को एक बार फिर औद्योगिक हादसा हुआ। बीएन दत्ता कंस्ट्रक्शन के तहत काम कर रहे मजदूर बागबेड़ा के संजय शर्मा की मौत हो गई और दिलीप शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गोलमुरी स्थित टाटा टिनप्लेट कंपनी परिसर में शुक्रवार को एक बार फिर औद्योगिक हादसा हो गया। बीएन दत्ता कंस्ट्रक्शन के तहत काम कर रहे मजदूर बागबेड़ा के संजय शर्मा की मौत हो गई। वहीं, दिलीप शर्मा नामक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा। एक हफ्ते में दूसरे हादसे ने कंपनी में सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों और ठेका मजदूरों की चिंता बढ़ा दी है। इधर, घटना को लेकर गोलमुरी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि शुक्रवार को काम के दौरान दोनों मजदूर हादसे की चपेट में आ गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने संजय शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दिलीप शर्मा का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और उस समय दोनों मजदूर किस कार्य में लगे हुए थे इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है。
एक सप्ताह में दूसरी घटना
टिनप्लेट कंपनी परिसर में महज सात दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी औद्योगिक दुर्घटना है। इससे पहले 11 सितंबर को कंपनी परिसर के प्रोजेक्ट साइट पर काम के दौरान ठेका मजदूर करण कुमार की मौत हो गई थी। वह मोबाइल एलिवेटेड वर्क प्लेटफॉर्म (एमईडब्ल्यूपी) के रखरखाव कार्य में लगा था। इसी दौरान वह मशीन की चपेट में आ गया था। लगातार कम अंतराल में हुई इन घटनाओं से कंपनी परिसर में काम करने वाले कर्मचारियों और ठेका मजदूरों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, शुक्रवार को हुई दुर्घटना के कारणों और इसमें सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर अभी आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
कंपनी प्रबंधन की प्रतिक्रिया
इधर, शुक्रवार की घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस के साथ कंपनी स्तर पर भी घटना की जांच किए जाने की बात सामने आ रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं।


