वाणिज्य संकाय में स्नातकोत्तर छात्रों का हुआ दीक्षारंभ
बीएचयू के वाणिज्य संकाय में रविवार को नवागंतुक स्नातकोत्तर छात्रों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. हरिकेश सिंह ने छात्रों को जीवन में संतुलित विकास के महत्व के बारे में बताया। छात्रों को शैक्षणिक और अनुसंधान के अवसरों, छात्र-सहायता पहलों और परिसर की सुविधाओं से परिचित कराया गया।

वाराणसी, मुख्य संवाददाता। बीएचयू के वाणिज्य संकाय में नवागंतुक स्नातकोत्तर छात्रों के लिए रविवार को दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को संकाय के शैक्षणिक माहौल, शोध के अवसरों, परिसर की सुविधाओं, छात्र-सहायता पहलों और करियर विकास के अवसरों से परिचित कराना रहा। जेपी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। कहा कि जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार के लिए आईक्यू, ईक्यू और एसक्यू का संतुलित संयोजन आवश्यक है। उन्होंने समय प्रबंधन और निरंतर आत्मविकास के महत्व पर बल दिया। मुख्य वक्ता छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो.रंजन कुमार सिंह ने छात्रों को विश्वविद्यालय के चार प्रमुख स्तंभों-शिक्षा, अनुसंधान, विस्तार और प्रशासन-से परिचित कराया।
अनुसंधान और प्रकाशन के प्रमुख अवसरों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए छात्रों को विद्वतापूर्ण कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। वाणिज्य संकाय प्रमुख प्रो.एचके सिंह, डॉ.राजेश कुमार सिंह, प्रो.विक्रम सिंह और प्रो.निशत अफरोज ने भी विचार व्यक्त किए। सत्रों के दौरान, छात्रों को परिसर की विभिन्न सुविधाओं और सहायता प्रणालियों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें केंद्रीय और संकाय पुस्तकालय, छात्रावास आवास और स्वास्थ्य सेवाओं, वाई-फाई कनेक्टिविटी, खेल सुविधाएं, एनएसएस, एनसीसी और सांस्कृतिक/रंगमंच गतिविधियों, प्लेसमेंट और इंटर्नशिप सहायता, कौशल विकास कार्यक्रम और कल्याणकारी पहल आदि के बारे में बताया गया।


