इंदौर में दो साल में 13 लाख से ज्यादा पेड़ तैयार
इंदौर ने पिछले दो साल में रेवती रेंज में एक स्थान पर 13.10 लाख पेड़ रोपकर और उनका संरक्षण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने इस उपलब्धि की पुष्टि की। इस दौरान 51,000 नए पौधों का भी रोपण किया गया।

इंदौर (मप्र), एजेंसी। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में पिछले दो साल में एक स्थान पर बड़े पैमाने पर पौधे रोपने के बाद उनका संरक्षण कर 13.10 लाख पेड़ तैयार करने का रिकॉर्ड बनाया गया है। एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि डॉ. एके जैन ने रविवार को बताया, हमने शहर के रेवती रेंज क्षेत्र में पेड़ों की गिनती की है। बीते दो साल में पौधारोपण के बाद इस जगह 13,10,012 पेड़ मिले। उन्होंने बताया कि इसे एक ही स्थान पर सबसे ज्यादा पौधे रोपने के बाद उन्हें संरक्षित करने के रिकॉर्ड के रूप में मान्यता दी गई है। एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव को कीर्तिमान का प्रमाणपत्र सौंपा।
कार्यक्रम के बीच रविवार को यहां करीब 51,000 और पौधरोपण हुआ। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष मुख्य अतिथि थे।


